कोरिया : ’हर सोमवार हल्का मुख्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे पटवारी, कलेक्टर ने जारी किए निर्देश’

कोरिया(CITY HOT NEWS)//

जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में राजस्व संबंधी कार्यों को अधिक सुगम एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर कोरिया ने जिले में कार्यरत सभी पटवारियों के लिए महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। जारी आदेश के अनुसार अब प्रत्येक सोमवार को सभी पटवारी अपने-अपने हल्का मुख्यालय में कार्यालयीन समय के दौरान अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर ग्रामीणों के राजस्व संबंधी कार्यों का निराकरण करेंगे।

यह निर्देश अनुविभागीय अधिकारियों (राजस्व) बैकुंठपुर, सोनहत तथा  तथा जिले के सभी तहसीलदारों को प्रेषित किए गए हैं। आदेश में कहा गया है कि सप्ताह के शेष दिनों में पटवारी आवश्यकता के अनुसार अपने मुख्यालय, अतिरिक्त प्रभार वाले हल्कों अथवा फील्ड में रहकर राजस्व एवं अन्य प्रशासनिक कार्यों का संपादन करेंगे।

कलेक्टर ने यह भी निर्देशित किया है कि प्रत्येक पटवारी अपने मुख्यालय कार्यालय एवं संबंधित ग्राम पंचायत भवन की दीवार पर आवश्यक जानकारी स्पष्ट रूप से अंकित कराए। इसमें पटवारी का नाम, संबंधित राजस्व निरीक्षक मंडल का नाम, मुख्यालय ग्राम का नाम, मोबाइल नंबर, मुख्यालय में मिलने का दिवस तथा कार्यालयीन समय का उल्लेख किया जाएगा। इससे ग्रामीणों को पटवारी की उपलब्धता की जानकारी आसानी से प्राप्त हो सकेगी और उन्हें राजस्व कार्यों के लिए अनावश्यक भटकना नहीं पड़ेगा।

आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि जिन पटवारियों के पास एक से अधिक हल्कों का प्रभार है, वे अतिरिक्त प्रभार वाले मुख्यालय कार्यालयों की दीवारों पर यह जानकारी अंकित कराएंगे कि प्रत्येक सोमवार को वे अपने मूल हल्का मुख्यालय में उपलब्ध रहेंगे। इससे संबंधित क्षेत्रों के नागरिकों को पटवारी की उपस्थिति और कार्य दिवस की पूर्व जानकारी मिल सकेगी।

प्रशासन का मानना है कि इस व्यवस्था से ग्रामीणों को नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, राजस्व अभिलेखों से संबंधित कार्यों सहित अन्य राजस्व सेवाएं समय पर उपलब्ध होंगी। साथ ही प्रशासन और आमजन के बीच समन्वय बेहतर होगा तथा राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण में भी मदद मिलेगी।

Chhattisgarh