रायपुर (CITY HOT NEWS)//
खरीफ सीजन की दस्तक के साथ ही बलरामपुर जिले में किसानों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उर्वरकों का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित कर लिया गया है। कृषि विभाग का दावा है कि किसानों को खाद की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा और सभी सहकारी समितियों में पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध हैं।
जिले की 37 सहकारी समितियों में वर्तमान में 10,732 टन से अधिक खाद का भंडारण किया गया है। किसान अपनी आवश्यकता के अनुसार लगातार खाद का उठाव भी कर रहे हैं। अब तक 4,298 टन से अधिक उर्वरकों का वितरण किया जा चुका है, जबकि बड़ी मात्रा में स्टॉक अभी भी उपलब्ध है।
कृषि विभाग के अनुसार, किसानों की मांग को देखते हुए यूरिया, डीएपी, एनपीके, एसएसपी और एमओपी जैसे प्रमुख उर्वरकों का पर्याप्त भंडारण किया गया है। वर्तमान में समितियों में यूरिया, डीएपी और अन्य उर्वरकों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
जिले के बलरामपुर, रामचंद्रपुर, राजपुर, शंकरगढ़, कुसमी और वाड्रफनगर ब्लाक की सभी सहकारी समितियों में खाद उपलब्ध कराई गई है। इनमें राजपुर और वाड्रफनगर क्षेत्र में सबसे अधिक भंडारण किया गया है।
कृषि विभाग किसानों से अपील कर रहा है कि वे समय रहते अपनी आवश्यकता के अनुसार उर्वरक प्राप्त कर लें और बुआई की तैयारी पूरी करें। साथ ही नैनो यूरिया एवं नैनो डीएपी जैसे आधुनिक उर्वरकों के उपयोग को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया जा रहा है। विभाग का मानना है कि नैनो उर्वरक लागत कम करने के साथ फसलों की उत्पादकता बढ़ाने में भी सहायक साबित हो सकते हैं।

