सरगुजा// सरगुजा के बेलदगी गांव में हुई बुजुर्ग महिला की हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने मृतका की भतीजी और उसके बॉयफ्रेंड को गिरफ्तार किया है। दोनों ने अपने प्रेम संबंध में रुकावट बनने पर बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी थी।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में देर रात युवती और उसका बॉयफ्रेंड घर से बाहर जाते हुए दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस ने दोनों से पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। यह मामला लखनपुर थाना क्षेत्र का है।
अब जानिए पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, 1 जून की सुबह बेलदगी गांव में 65 वर्षीय लक्ष्मी लकड़ा का शव उनके घर में खून से लथपथ हालत में मिला था। लक्ष्मी लकड़ा अपने पति बैजनाथ लकड़ा के साथ रहती थी। घटना के समय बैजनाथ किसी काम से बाहर गए हुए थे। घर के कामकाज और देखभाल में मदद के लिए उन्होंने अपनी भतीजी तेरेसा एक्का को अपने साथ रखा हुआ था।

घर में पड़ा मिला था वृद्धा का शव
भतीजी ने दी मौत की सूचना, स्वयं निकली कातिल
लक्ष्मी लकड़ा के घर में मृत अवस्था में पड़े होने की जानकारी उनकी भतीजी तेरेसा एक्का ने परिजनों को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। निरीक्षण के दौरान लक्ष्मी लकड़ा के गले, चेहरे, कनपटी और हाथ पर चोट के निशान मिले। बाद में पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि उनकी मौत गंभीर चोटों के कारण हुई थी।
मामले में पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। फुटेज में दिखा कि घटना वाली रात तेरेसा एक्का एक युवक के साथ घर से निकली और बाइक पर बैठकर कहीं चली गई थी।
इसके बाद पुलिस ने तेरेसा एक्का से सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ में उसने कबूल किया कि उसने अपने प्रेमी आशीष कुमार गुप्ता के साथ मिलकर लक्ष्मी लकड़ा की हत्या की थी।
प्रेम संबंध में बाधा बनने पर मार डाला, दोनों गिरफ्तार
पूछताछ में तेरेसा ने बताया कि घटना वाली रात वह लक्ष्मी लकड़ा के साथ घर में थी। इसी दौरान उसका प्रेमी आशीष उससे मिलने आया था। दोनों को साथ देखकर लक्ष्मी लकड़ा ने उन्हें डांट दिया। इस बात से नाराज होकर आशीष ने गुस्से में आकर लक्ष्मी लकड़ा का सिर दीवार से टकरा दिया।
तेरेसा और उसके प्रेमी आशीष ने लक्ष्मी लकड़ा के साथ मारपीट की, जिससे उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद दोनों बाइक से वहां से भाग गए और पूरी रात बाहर रहे। अगले दिन सुबह तेरेसा घर लौटी और परिजनों को लक्ष्मी लकड़ा की मौत की जानकारी दी।
लखनपुर थाना प्रभारी संपत पोटाई ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने आशीष कुमार गुप्ता (30), निवासी लखनपुर, और तेरेसा एक्का (20) को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर आगे की कार्रवाई की गई है।

