अम्बिकापुर (CITY HOT NEWS)///
भारत सरकार एवं राज्य शासन के निर्देशानुसार कृषकों को गुणवत्तायुक्त एवं पर्याप्त मात्रा में उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। जिले में खरीफ सीजन को देखते हुए किसानों के लिए खाद एवं बीज की पर्याप्त उपलब्धता है। उपसंचालक कृषि विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में कुल 8030.80 मीट्रिक टन खाद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वर्तमान में जिले में 3835.20 मीट्रिक टन खाद का भंडारण उपलब्ध है। इसके अलावा किसानों को अब तक 1158.20 मीट्रिक टन खाद का वितरण किया जा चुका है। वितरण के बाद भी जिले में 2677.00 मीट्रिक टन खाद का शेष स्टॉक उपलब्ध है, जिससे आगामी दिनों में किसानों की मांग को पूरा किया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि खरीफ फसलों की बुवाई को ध्यान में रखते हुए खाद एवं बीज की उपलब्धता पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उर्वरकों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिये कृषि विभाग की टीम द्वारा लगातार जिले में संचालित उर्वरक विक्रय केन्द्रों का निरीक्षण किया जा रहा है। जिले में खाद-बीज की उपलब्धता संतोषजनक है और किसानों को किसी प्रकार की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

