सीपत।। एनटीपीसी सीपत में दिनांक 30 मई 2026 को स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत वृहत् स्वच्छता जागरूकता रैली एवं सामूहिक श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। परियोजना प्रमुख श्री स्वपन कुमार मंडल के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में लगभग 800 लोगों ने सहभागिता की। रैली एनटीपीसी मुख्य द्वार से शुरू होकर सीपत हाट तक लगभग 1.5 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए निकाली गई, जिसमें स्वच्छता को जनभागीदारी बनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान एनटीपीसी गेट से सीपत हाट तक चिन्हित लगभग आठ स्थानों पर विशेष श्रमदान कर लंबे समय से जमा कूड़ा-कचरा हटाया गया तथा क्षेत्र को स्वच्छ बनाया गया। इसके अतिरिक्त मुख्य मार्ग से लगे बलदेव तालाब क्षेत्र में भी व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। यह क्षेत्र प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों के आवागमन का केंद्र होने के कारण विशेष महत्व रखता है। इस अभियान के दौरान, विभिन्न स्थलों पर स्वच्छता संबंधी संदेश प्रदर्शित कर नागरिकों से सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ बनाए रखने तथा स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई।

इस अभियान में एनटीपीसी सीपत के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ उनके परिजन, यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधि, सीआईएसएफ जवान, बाल भारती पब्लिक स्कूल के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं, स्थानीय पुलिस प्रशासन, संविदा एजेंसियों के कर्मचारी, ठेका श्रमिक, ग्रामीणजन तथा पत्रकारगण बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी प्रतिभागियों ने स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए अभियान में सक्रिय योगदान दिया।
सीपत हाट पहुंचने पर परियोजना प्रमुख, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्थानीय नागरिकों एवं व्यापारियों से संवाद कर स्वच्छ परिवेश के सामाजिक, स्वास्थ्य एवं पर्यावरणीय महत्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर उन्होंने संदेश दिया कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की साझी जिम्मेदारी है। सभी उपस्थित लोगों से अपील की गई कि वे स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं और अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
ज्ञात हो कि इस अभियान के आयोजन से पूर्व एनटीपीसी सीपत द्वारा सभी हितधारकों—सरपंच, सीआईएसएफ, बाल भारती पब्लिक स्कूल, स्वामी आत्मानंद महाविद्यालय, स्थानीय पुलिस प्रशासन, कॉन्ट्रैक्टिंग एजेंसियों तथा प्रेस क्लब के पत्रकारों—के साथ बैठकें आयोजित की गई थीं। इन बैठकों का उद्देश्य अभियान को सफल बनाना तथा इसमें अधिकाधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करना था, ताकि व्यापक जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश अधिकतम लोगों तक पहुंचाया जा सके।
रैली के दौरान प्रतिभागियों ने स्वच्छता संबंधी संदेशों के माध्यम से लोगों को अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छ भारत अभियान से सक्रिय रूप से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर श्री सुरोजीत सिन्हा, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण), श्री अशोक सरकार, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं ईंधन प्रबंधन), श्री विकास खरे, महाप्रबंधक (इंजीनियरिंग), श्री अनुराग गौतम, अपर महाप्रबंधक (मेंटेनेंस), श्री जयप्रकाश सत्यकाम, प्रमुख (मानव संसाधन), सभी विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ अधिकारीगण, बाल भारती पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य श्री सलभ निगम, सीआईएसएफ के वरिष्ठ अधिकारी, एनटीपीसी सीपत के अधिकारी एवं कर्मचारी, उनके परिवारजन, यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधि, बाल भारती पब्लिक स्कूल के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं, सीपत पुलिस, संविदा एजेंसियों के कर्मचारी, ठेका श्रमिक, ग्रामीणजन तथा पत्रकारगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि 16 से 31 मई 2026 तक आयोजित स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत एनटीपीसी सीपत द्वारा क्विज प्रतियोगिता, चित्रकला, निबंध लेखन, स्वच्छता शपथ एवं अन्य जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। यह पहल सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के प्रति एनटीपीसी सीपत की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है।


