
- ग्रामीणों को मिला योजनाओं का त्वरित लाभ, नुक्कड़ नाटक ने जगाई स्वच्छता की अलख
रायपुर (CITY HOT NEWS)//

दंतेवाड़ा जिले के गीदम विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत हितामेटा में आयोजित सुशासन तिहार-2026 के जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में ग्रामीणों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा आमजन की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित निराकरण की प्रक्रिया अपनाई गई। शिविर में कुल 359 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से अनेक आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर हितग्राहियों को राहत प्रदान की गई।

योजनाओं का मिला सीधा लाभ
शिविर में पात्र हितग्राहियों को राशन कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड और आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। इससे ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिला। मछली पालन विभाग द्वारा विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के अंतर्गत चयनित दो मत्स्य कृषकों को मत्स्य आखेट के लिए एक-एक मछली जाल और आइस बॉक्स प्रदान किया गया। इससे ग्रामीण मत्स्य पालकों की आजीविका को मजबूती मिलेगी।

नुक्कड़ नाटक से दिया स्वच्छता का संदेश
शिविर के दौरान नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विशेष स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया। कलाकारों ने स्वच्छता, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए ग्रामीणों को साफ-सफाई बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। नुक्कड़ नाटक के जरिए खुले में कचरा न फैलाने, स्वच्छ पेयजल के उपयोग और ग्राम स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया गया। ग्रामीणों ने प्रस्तुति की सराहना करते हुए स्वच्छ ग्राम निर्माण में सहयोग देने का संकल्प लिया।
शासन और जनता के बीच मजबूत हो रहा संवाद
जन चौपाल को संबोधित करते हुए विधायक श्री चौतराम अटामी ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित कर अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर जनपद पंचायत सीईओ श्री बलराम धु्रव, जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सुशासन तिहार के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासनिक सेवाओं की पहुंच बढ़ रही है और आमजन का शासन के प्रति विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।

