- जनसमस्या निवारण शिविर में रथ बाई कंवर को मिला अंत्योदय राशन कार्ड
रायपुर (CITY HOT NEWS)//
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित सुशासन तिहार 2026 शासन की जनहितकारी और संवेदनशील कार्यशैली का प्रभावी उदाहरण बनकर सामने आ रहा है। यह अभियान केवल योजनाओं के क्रियान्वयन तक सीमित नहीं है, बल्कि शासन और आमजन के बीच आत्मीय संवाद, विश्वास और जुड़ाव को सशक्त करने का माध्यम भी बन रहा है। गांव-गांव आयोजित हो रहे जनसमस्या निवारण शिविरों के माध्यम से प्रशासन लोगों की समस्याओं को सुनकर त्वरित समाधान सुनिश्चित कर रहा है, जिससे ग्रामीणों में विश्वास और संतोष का वातावरण निर्मित हुआ है।
इसी क्रम में जनपद पंचायत करतला अंतर्गत ग्राम देवलापाठ में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में ग्राम कोथारी निवासी रथ बाई कंवर, पति स्वर्गीय श्री दाऊराम, अपनी राशन कार्ड संबंधी मांग लेकर शिविर में पहुंचीं। उन्होंने अधिकारियों को आवेदन प्रस्तुत कर अपनी आवश्यकता से अवगत कराया, जिस पर प्रशासन द्वारा गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें अंत्योदय राशन कार्ड बनाकर प्रदान किया गया।
अंत्योदय कार्ड प्राप्त होने पर रथ बाई कंवर ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि शिविर में आना उनके लिए सार्थक अनुभव रहा। उन्होंने बताया कि शासन द्वारा गांव स्तर पर शिविर आयोजित किए जाने से ग्रामीणों को अपनी समस्याएं सहजता से रखने का अवसर मिल रहा है तथा मौके पर ही समाधान भी सुनिश्चित हो रहा है। इससे ग्रामीणों में विश्वास और संतोष का वातावरण बना है।
उन्होंने कहा कि शासन की यह पहल ग्रामीण अंचलों तक पहुंचकर लोगों की आवश्यकताओं और समस्याओं को समझने का सशक्त माध्यम बन रही है। गांव में ही समाधान उपलब्ध होने से लोगों को सुविधाजनक वातावरण मिल रहा है तथा प्रशासन के प्रति आत्मीय जुड़ाव भी मजबूत हुआ है।
उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे जनहितकारी शिविर आगे भी निरंतर आयोजित होते रहें, ताकि ग्रामीणों को इसी प्रकार त्वरित लाभ और समाधान प्राप्त होता रहे।


