कोरबा// कोरबा में शुक्रवार को कटघोरा मार्ग पर जेलगांव नेशनल हाईवे पर एक बड़ा हादसा टल गया। रायपुर की ओर जा रही कार में अचानक आग लग गई। कुछ ही मिनटों में कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
कार में सवार भाजपा के पूर्व प्रदेश मंत्री विकास महतो के भाई डॉ. विवेक रंजन महतो सहित तीन लोगों ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली। घटना की सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

कार पूरी तरह आग के चपेट में आ गई।
बोनट से निकलने लगा धुआं
दरअसल डॉ. महतो कोरबा से रायपुर जा रहे थे। जेलगांव के पास उनकी कार के बोनट से अचानक धुआं निकलने लगा। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत गाड़ी रोकी। धुआं बढ़ता देख डॉ. विवेक महतो और उनके साथ मौजूद दो अन्य लोग तेजी से कार से बाहर निकल आए।

मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम
उनके कार से बाहर निकलते ही कुछ ही सेकंड में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी कार आग के गोले में तब्दील हो गई। घटना की सूचना मिलते ही हसदेव थर्मल पावर प्लांट और सीएसईबी की फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
पूरी तरह जलकर खाक हुई कार
लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। डॉ. विवेक महतो ने बताया कि अगर कुछ सेकंड की भी देरी होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने कहा कि सभी सुरक्षित हैं और उन्हें कोई खरोंच तक नहीं आई।

दमकल टीम ने आग पर काबू पाया, इस दौरान लोगों की भीड़ लग गई।
हादसे के बाद लगा जाम
हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना पर दरी पुलिस भी मौके पर पहुंची और यातायात को नियंत्रित कर आवागमन सामान्य कराया।
शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा कारण
शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। दरी पुलिस मामले की जांच कर रही है। फायर ब्रिगेड अधिकारियों ने गर्मी के मौसम में गाड़ियों की वायरिंग की नियमित जांच कराने की सलाह दी है, ताकि ऐसी दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

