मुंगेली : पेट्रोल पंपों पर प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था के लिए अधिकारियों की तैनाती

  • -जिले में पेट्रोल-डीजल की पर्याप्त उपलब्धता, अफवाहों पर ध्यान न दें : कलेक्टर

मुंगेली(CITY HOT NEWS)//

जिले में पेट्रोल एवं डीजल की सुचारू आपूर्ति बनाए रखने तथा पेट्रोल पंपों पर बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार अनुभागीय अधिकारी (राजस्व) द्वारा जिले के विभिन्न पेट्रोल पंपों में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और पेट्रोल पंपों में अव्यवस्था की स्थिति निर्मित न हो। 
जिले के विभिन्न पेट्रोल पंपों में इन दिनों बड़ी संख्या में वाहन चालक पेट्रोल एवं डीजल लेने पहुंच रहे हैं। सुबह से देर रात तक दोपहिया, चारपहिया एवं व्यावसायिक वाहनों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। भीड़ अधिक होने के कारण कुछ स्थानों पर अव्यवस्था की स्थिति बनने लगी थी, जिसे देखते हुए जिला प्रशासन ने तत्काल निगरानी व्यवस्था लागू की।
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि पेट्रोल पंपों में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, विवाद अथवा कानून व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न होने पाए। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें तथा आवश्यकता अनुसार ही पेट्रोल एवं डीजल की खरीदी करें। उन्होंने स्पष्ट किया है कि जिले में ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। नागरिकों से धैर्य एवं सहयोग बनाए रखने की अपील की गई है, ताकि जिले में शांति एवं सुव्यवस्था कायम रह सके। इसी के तहत अनुभागीय अधिकारी मुंगेली, लोरमी और पथरिया के द्वारा राजस्व, नगरीय प्रशासन, खाद्य, कृषि, मनरेगा एवं अन्य विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। नियुक्त अधिकारी लगातार पेट्रोल पंपों की निगरानी कर रहे हैं तथा भीड़ को व्यवस्थित तरीके से नियंत्रित करने में जुटे हुए हैं। 
जिले के पेट्रोल पंपों में भी विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तैनात किया गया है। 
प्रशासन द्वारा यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि पेट्रोल एवं डीजल वितरण कार्य सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी तरीके से संचालित हो। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि आम नागरिकों, किसानों, एम्बुलेंस सेवाओं तथा आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाए। साथ ही पेट्रोल पंप संचालकों को भी पर्याप्त सुरक्षा एवं अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
पेट्रोल पंपों में तैनात अधिकारी एवं कर्मचारी लगातार लोगों को समझाइश देने, वाहनों को व्यवस्थित लाइन में लगाने तथा अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने का कार्य कर रहे हैं।

Chhattisgarh