एमसीबी : खेल एवं युवा कल्याण विभाग का ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर 14 मई से, बच्चों को मिलेगा निशुल्क खेल प्रशिक्षण

एमसीबी/ (CITY HOT NEWS)//

  जिले में खेल प्रतिभाओं को निखारने तथा बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा जिला स्तरीय ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर 2026 का आयोजन किया जा रहा है। जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित इस विशेष शिविर में बच्चों एवं युवाओं को विभिन्न खेल विधाओं में निशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में कबड्डी, फुटबॉल, कराते, क्रिकेट एवं बैडमिंटन जैसे लोकप्रिय खेलों को शामिल किया गया है। प्रशिक्षण के लिए जिले में अलग-अलग स्थान निर्धारित किए गए हैं, जहां अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा खिलाड़ियों को खेल की बारीकियां सिखाई जाएंगी।
फुटबॉल एवं क्रिकेट का प्रशिक्षण आत्मानंद विद्यालय मनेन्द्रगढ़ में आयोजित होगा, जबकि कबड्डी का प्रशिक्षण खेलो इंडिया लघु केंद्र बंजी में दिया जाएगा। बैडमिंटन खिलाड़ियों के लिए नई लेदरी स्थित बैडमिंटन हॉल में प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है। वहीं कराते प्रशिक्षण वार्ड क्रमांक 09 पेण्ड्रा दफाई, मनेन्द्रगढ़ में आयोजित किया जाएगा।
ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर का आयोजन 14 मई 2026 से 03 जून 2026 तक किया जाएगा। प्रशिक्षण प्रतिदिन प्रातः 06 बजे से 08 बजे तक एवं सायं 05 बजे से 07 बजे तक संचालित होगा। शिविर में सब जूनियर एवं जूनियर वर्ग के बालक एवं बालिकाओं को शामिल किया जाएगा।
शिविर में भाग लेने के लिए ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन पंजीयन तथा पालक सहमति अनिवार्य होगी। ऑनलाइन पंजीयन हेतु लिंक https://docs.google.com/forms/d/e/1FAIpQLSe-mTGXkMDCiWzuzQKg7D23cUtZknxqJmaZ4a9loLSKuCYHg/viewform?usp=sharing7&ouid=10&pli=1&authuser=0 4979295297267884409 तथा ऑफलाइन पंजीयन फार्म कार्यालय जिला खेल अधिकारी, खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा जिले के समस्त विकासखंडों के विकासखंड नोडल अधिकारी, खेल एवं युवा कल्याण जिला एमसीबी से प्राप्त किए जा सकते हैं।
जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने जिले के अधिक से अधिक बच्चों एवं युवाओं से इस निशुल्क प्रशिक्षण शिविर का लाभ उठाकर खेलों में अपनी प्रतिभा निखारने की अपील की है।

Chhattisgarh