
रायपुर// रायपुर की विशेष अदालत ने युवती से बार-बार दुष्कर्म करने और जाति के आधार पर शादी से इंकार करने वाले कृषि विस्तार अधिकारी देवनारायण साहू को उम्रकैद की सजा सुनाई है। कोर्ट ने आरोपी को SC/ST एक्ट समेत कई धाराओं में दोषी माना है।
कॉलेज से शुरू हुई दोस्ती प्यार में बदली, लेकिन आरोपी ने नौकरी लगने के बाद अपना रंग बदल लिया। उसने शादी का भरोसा देकर युवती के साथ कई बार संबंध बनाए और बाद में उसे “नीची जाति” सतनामी कहकर शादी से साफ मना कर दिया।
कोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि, आरोपी शुरू से पीड़िता की जाति जानता था, फिर भी उसने धोखे से उसका शोषण किया। कोर्ट ने इसे गंभीर अपराध मानते हुए उम्रकैद के साथ अन्य धाराओं में सजा और 6 हजार जुर्माना भी लगाया है। इस मामले की सुनवाई विशेष न्यायाधीश पंकज कुमार सिन्हा की अदालत में हुई।

आरोपी ने नौकरी लगने के बाद शादी का भरोसा दिलाया था। AI जनरेटेड तस्वीर
जानिए क्या है पूरा मामला ?
सरकारी वकील उमाशंकर वर्मा ने बताया कि, पीड़िता बिलासपुर जिले की रहने वाली है। वो देवनारायण साहू के साथ जगदलपुर के एग्रीकल्चर कॉलेज में साथ पढ़ती थी। बाद में दोनों रायपुर में एग्रीकल्चर कोचिंग भी करने लगे। इसी दौरान आरोपी ने युवती को प्रपोज किया।
पीड़िता ने कोर्ट में बताया कि उसने शुरुआत में रिलेशनशिप से मना कर दिया था, क्योंकि दोनों की जाति अलग थी और उसे शादी होने की उम्मीद नहीं थी। लेकिन आरोपी ने भरोसा दिलाया कि नौकरी लगने के बाद शादी करेगा।
रायपुर के किराए के मकान में पहली बार बनाया संबंध
कोर्ट रिकॉर्ड के मुताबिक, फरवरी 2021 में आरोपी ने युवती को रायपुर के धरमपुरा स्थित अपने किराए के मकान में बुलाया। वहां शादी का भरोसा देकर उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाया। पीड़िता ने बयान में कहा कि, 2023-24 के दौरान भी आरोपी लगातार शादी का वादा कर संबंध बनाता रहा।

किराए के कमरे में बुलाकर युवक ने किया दुष्कर्म। AI जनरेटेड तस्वीर
नौकरी लगने के बाद बदल गया व्यवहार
साल 2024 में आरोपी की नौकरी ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी के पद पर लग गई। इसके बाद उसका व्यवहार बदलने लगा। कोर्ट में पीड़िता ने कहा कि आरोपी उसे “नीची जाति की सतनामी लड़की” कहकर अपमानित करने लगा। इसके बावजूद नवंबर 2025 में आरोपी ने उसे मानपुर बुलाया और फिर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया।
रायपुर बुलाकर कहा- “हमारे यहां सतनामी लड़की से शादी नहीं होती”
पीड़िता के मुताबिक, 4 दिसंबर 2025 को आरोपी ने उसे रायपुर बुलाया और साफ कहा कि, वह उससे शादी नहीं करेगा, क्योंकि वह सतनामी समाज से है। आरोपी ने यह भी कहा कि वह किसी दूसरी लड़की से शादी करना चाहता है।

आरोपी ने युवती को फोन, व्हाट्सऐप समेत हर जगह से ब्लॉक कर दिया। AI जनरेटेड तस्वीर
कोर्ट में मां और भाई ने भी किया समर्थन
इस मामले में पीड़िता की मां और भाई ने भी अदालत में बयान दिया। दोनों ने कहा कि युवती ने उन्हें आरोपी की तरफ से शादी का झांसा देकर संबंध बनाने और बाद में जाति के नाम पर शादी से इंकार करने की जानकारी दी थी।
मेडिकल रिपोर्ट में भी पुष्टि
पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करने वाली डॉक्टर ने कोर्ट में बताया कि युवती का हाइमन फटा हुआ था। डॉक्टर ने यह भी कहा कि परीक्षण के दौरान पीड़िता ने आरोपी द्वारा लंबे समय तक शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने की बात बताई थी।
अदालत ने क्या कहा ?
अदालत ने माना कि आरोपी शुरू से पीड़िता की जाति जानता था। इसके बावजूद उसने शादी का भरोसा देकर युवती का शारीरिक शोषण किया और बाद में जाति के आधार पर शादी से इंकार कर दिया।
कोर्ट ने आरोपी को BNS की धारा 64(2)(M) में 10 साल कठोर कारावास, BNS की धारा 69 में 10 साल कठोर कारावास और SC/ST एक्ट की धारा 3(2)(5) में उम्रकैद की सजा सुनाई है। सभी सजाएं साथ-साथ चलेंगी।

