- खराब हैंडपंपों की त्वरित मरम्मत एवं सार्वजनिक स्थानों में प्याऊ की व्यवस्था के निर्देश
- गर्मी के मद्देनजर जिले में पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश
- लू से बचाव एवं उपचार हेतु स्वास्थ्य विभाग की टीम को तैनात रहने के निर्देश
- सुशासन तिहार अवधि में शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों के अवकाश पर प्रतिबंध
- समय-सीमा की बैठक
कोरबा (CITY HOT NEWS)///
कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर 1 मई से 10 जून तक प्रदेश के सभी स्थानों में आयोजित होने वाले सुशासन तिहार की तैयारियों की समीक्षा करते हुए समय-सीमा की बैठक में सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने लंबित राजस्व, पेंशन तथा राशनकार्ड से संबंधित आवेदनों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने बताया कि 1 मई से 10 जून तक शहर के वार्डों तथा ग्रामीण क्षेत्रों की ग्राम पंचायतों में शिविर लगाकर आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। संबंधित जिला अधिकारी प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ निराकरण सुनिश्चित करेंगे तथा आवेदकों को इसकी जानकारी भी देंगे।
गर्मी के बढ़ते प्रकोप को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने शिविर स्थलों में पर्याप्त पेयजल, ओआरएस पैकेट, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों एवं एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिविर स्थलों पर छाया, पंखे तथा कूलर की व्यवस्था करने को भी कहा।
समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर श्री दुदावत ने विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने टीएल में लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। पीएमओ, मुख्यमंत्री जनदर्शन और कलेक्टर जनदर्शन के महत्वपूर्ण प्रकरणों की भी समीक्षा कर निराकरण में तेजी लाने कहा।
खाद एवं बीज भंडारण तथा वितरण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने ग्राम स्तर पर कोटवारों द्वारा मुनादी करने तथा एग्रीस्टेक पोर्टल पर धान खरीदी हेतु किसानों का पंजीयन 31 मई से पूर्व अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिए। उन्होंने लक्ष्य निर्धारित कर मिशन मोड में कार्य करने तथा आवश्यकतानुसार पटवारियों की ड्यूटी लगाने को कहा।
बैठक में ज्ञानभारतम राष्ट्रीय पांडुलिपि सर्वेक्षण अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सर्वेक्षण कार्य में तेजी लाने तथा महत्वपूर्ण व्यक्तियों, पुराने जमीदारों, मंदिरों, वैद्यराजों, गुनियाओं एवं प्रभावशाली व्यक्तियों से संपर्क कर पांडुलिपियों की जानकारी जुटाने व पोर्टल में अपलोड करने के निर्देश दिए। उन्होंने इन योगदानकर्ताओं को प्रशस्ति पत्र, शॉल एवं श्रीफल देकर सम्मानित करने को कहा।
गर्मी के मौसम को देखते हुए कलेक्टर ने पूरे जिले में पेयजल आपूर्ति बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने खराब हैंडपंपों की त्वरित मरम्मत तथा शिकायत मिलते ही तत्काल सुधार सुनिश्चित करने को कहा। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता को निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में नदी एवं ढोढ़ी का पानी पीने की नौबत न आए। उन्होंने आवश्यक स्थानों में पानी टंकी की स्थापना, नए बोर खनन तथा आवश्यकता पड़ने पर टैंकर के माध्यम से पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही पोड़ी-उपरोड़ा ब्लॉक के दूरस्थ ग्रामों में पाइपलाइन सुधार कर नियमित पानी आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा।
कलेक्टर ने सार्वजनिक स्थानोंकृग्राम पंचायतों, बैंकों, भीड़भाड़ वाले स्थानों, बस स्टैंड, बाजार और कलेक्ट्रेट परिसरकृमें प्याऊ की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम पंचायतों एवं अन्य कार्यालयों के आसपास मिट्टी के घड़े एवं पानी पीने हेतु ग्लास उपलब्ध कराने को कहा।
लू से बचाव एवं उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए। उन्होंने लू से बचाव संबंधी एडवाइजरी जारी कर आम नागरिकों को जागरूक करने के निर्देश भी दिए।
विद्युत विभाग के अधिकारियों को कलेक्टर ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि खराब ट्रांसफार्मर की शिकायत मिलते ही संबंधित ग्राम का ट्रांसफार्मर जाँचकर तत्काल बदला जाए तथा बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। विद्युत संबंधी समस्त शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर श्री दुदावत ने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए इंस्टॉलेशन की संख्या में वृद्धि करने के निर्देश दिए। आरबीसी 6-4 तथा स्वेच्छानुदान अंतर्गत प्रदेय राशि समय पर हितग्राहियों को वितरित करने को कहा।
मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत युवाओं के चयन, महत्वपूर्ण ट्रेड में प्रशिक्षण एवं आवेदन प्राप्त कर काउंसिलिंग आयोजित करने हेतु लाइवलीहुड कॉलेज प्राचार्य तथा जनपद सीईओ को आवश्यक निर्देश दिए।
कलेक्टर ने ई-डिस्ट्रिक्ट सेवा 2.0 अंतर्गत उपलब्ध सेवाओं को पूर्णतः ऑनलाइन मोड में लेकर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में डीएफओ कटघोरा श्री कुमार निशांत, निगमायुक्त श्री आशुतोष पांडेय, जिला पंचायत सीईओ श्री दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर श्री देवेंद्र पटेल सहित सभी अधिकारी उपस्थित रहे।


