अम्बिकापुर : राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अतंर्गत विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का हुआ आयोजन

अम्बिकापुर (CITY HOT NEWS)//

 विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.पी.एस. मार्काे के निर्देशानुसार तथा जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. दीपक गुप्ता के मार्गदर्शन में 25 अप्रैल 2026 को सरगुजा जिले के शहरी स्वास्थ्य केन्द्रों एवं विकासखण्डों में “Driven to End Malaria: Now We Can. Now We Must” (मलेरिया को समाप्त करने के लिए प्रेरितः अब हम कर सकते हैं, अब हमें करना ही होगा।) थीम पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर बैनर, पॉम्पलेट, प्रदर्शन करते हुए जागरूकता कार्यक्रम, सोर्स रिडक्शन गतिविधियां, मितानिन के द्वारा नारा लेखन, एल.एल.आई.एन. उपयोगिता का महत्व बताते हुए समुदाय स्तर पर प्रचार-प्रसार किया गया।

वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी डॉ. दीपक गुप्ता ने बताया कि मलेरिया संक्रमित मादा एनोफिलीज मच्छर के काटने से फैलता है। इसके लक्षणों में तेज बुखार, ठंड लगना, बदन दर्द, सिरदर्द, उल्टी आदि शामिल है। यदि कोई व्यक्ति इन लक्षणों से पीड़ित है, तो उसे तुरंत नजदीकी शासकीय स्वास्थ्य केन्द्र में जाकर जांच करवानी चाहिए। मलेरिया की जांच और इलाज सभी शासकीय संस्थानों में निःशुल्क उपलब्ध है। मलेरिया नियंत्रण एवं रोकथाम हेतु सरगुजा जिले के सभी स्तरों पर सूक्ष्म कार्ययोजना बनाकर निरंतर कार्य किया जा रहा है, जिससे लगातार मलेरिया सकारात्मक दर में कमी हुई है तथा सरगुजा जिला मलेरिया मुक्त की ओर अग्रसर है। वर्तमान में शून्य मलेरिया के उद्देश्य से पॉजिटिव केस को लक्ष्य मानकर कार्ययोजना निर्धारित करते हुये रेपिड फिवर सर्वे, मच्छरदानी का शत-प्रतिशत उपयोग तथा मच्छरों के उत्पति स्थानों को नष्ट करने का कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि मलेरिया से बचाव हेतु अपने घरों एवं आस-पास पानी जमा न होने दें , पानी जमा होने वाले स्त्रोतों को नष्ट करें, जमा पानी में आवश्यकतानुसार मिट्टी का तेल, जला हुआ मोबिल डालें, सप्ताह में एक बार कूलर का पानी खाली कर सुखाकर पुनः प्रयोग करें , पुरे बांह के कपड़े पहने, शाम को नीम के पत्ते का धुआं करें, सोते समय मच्छरदानी का उपयोग अनिवार्य रूप से करें।

Chhattisgarh