दंतेवाड़ा : खाद्य विभाग में कार्यों के सुचारू संचालन हेतु अधिकारियों का नया कार्य विभाजन जारी

दंतेवाड़ा,(CITY HOT NEWS)//

कलेक्टर कार्यालय (खाद्य शाखा), द्वारा प्राप्त जानकारी अनुसार जिले में सहायक खाद्य अधिकारियों एवं खाद्य निरीक्षकों के मध्य कार्यों के सुचारू संचालन, समयबद्ध निष्पादन एवं प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने हेतु नवीन कार्य विभाजन आदेश जारी किया गया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। जारी आदेश के अनुसार, विभिन्न विकासखण्डों में पदस्थ अधिकारियों को उनके दायित्वों के अनुरूप क्षेत्र आवंटित किए गए हैं। इसके अनुसार सहायक खाद्य अधिकारी श्रीमती प्रीति पाण्डेय को विकासखण्ड कटेकल्याण तथा सहायक खाद्य अधिकारी श्री मनोज कुमार सारथी को विकासखण्ड गीदम में खाद्य निरीक्षकों के कार्यों की निगरानी के साथ खाद्यान्न भंडारण एवं वितरण की सतत निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा खाद्य निरीक्षक श्री प्रमोद कुमार सोनवानी को गीदम, नगर पंचायत गीदम एवं बारसूर क्षेत्र तथा दन्तेवाड़ा विकासखंड का प्रभार दिया गया है। वहीं श्री सचिन कुमार को दन्तेवाड़ा नगरीय निकाय एवं कुआकोंडा विकासखण्ड में कार्य सौंपा गया है।
श्री धीरेन्द्र कश्यप को कुआकोंडा विकासखण्ड के अंतर्गत विभिन्न शासकीय उचित मूल्य दुकानों सहित नगरीय निकाय बड़े बचेली एवं किरंदुल क्षेत्रों की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं श्री नरेन्द्र सिंह ठाकुर को बड़े बचेली एवं किरंदुल नगरीय निकायों के साथ दंतेवाड़ा विकासखंड के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायतों में खाद्य व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है। आदेश में यह भी कहा किया गया है कि सभी सहायक खाद्य अधिकारी एवं खाद्य निरीक्षक अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों में खाद्य विभाग से संबंधित समस्त कार्यों का निष्पादन करेंगे तथा समय-समय पर उच्चाधिकारियों द्वारा सौंपे गए अतिरिक्त कार्यों का भी पालन करेंगे। सहायक खाद्य अधिकारियों को उनके अधीनस्थ खाद्य निरीक्षकों के कार्यों का पर्यवेक्षण एवं मार्गदर्शन करने के साथ-साथ शासन की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

Chhattisgarh