इस्लामाबाद// पाकिस्तान में ईरान और अमेरिका के बीच शांति को लेकर चल रही बातचीत बेनतीजा रही। यह 21 घंटे से ज्यादा समय तक चली। रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों के बीच होर्मुज स्ट्रेट खोलने और न्यूक्लियर प्रोग्राम पर पेंच फंसा है।

अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने ईरान से बातचीत फेल होने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस की।
वेंस अपनी टीम के साथ अमेरिका के लिए रवाना हो गए हैं। लौटने से पहले उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा कि अमेरिका बिना डील के लौट रहा है। यह अमेरिका से ज्यादा ईरान के लिए बुरी खबर है।
उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी समझौते के लिए जरूरी है कि ईरान ये वादा करे कि वह परमाणु हथियार नहीं बनाएगा। अमेरिका की शर्तें स्पष्ट थीं, लेकिन ईरान ने उन्हें नहीं माना।
वेंस ने यह भी कहा कि आगे समझौते की संभावना पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। उन्होंने कहा, “हम उन्हें बेस्ट ऑफर देकर जा रहे हैं। अब देखना है कि ईरान इसे मानता है या नहीं।”
वहीं, ईरान ने कहा कि अमेरिका की शर्तें जरूरत से ज्यादा सख्त थीं। इस वजह से समझौते का रास्ता नहीं निकल पाया।

अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने इस्लामाबाद में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उनके पीछे ट्रम्प के दामाद जेरेड कुशनर (सबसे बाएं) और मिडिल ईस्ट में ट्रम्प सरकार के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ खड़े हैं।

उपराष्ट्रपति जेडी वेंस पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मिलने जाते हुए।

अमेरिकी डेलिगेशन का नेतृत्व कर रहे उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने इस्लामाबाद में शहबाज शरीफ से मुलाकात की।

ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बाघेर गालिबाफ ने इस्लामाबाद में शहबाज शरीफ से मुलाकात की।
पिछले 24 घंटे के 5 बड़े अपडेट्स
पाकिस्तान में बातचीत बेनतीजा: अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की इस्लामाबाद में ईरान के साथ बातचीत का कोई नतीजा नहीं निकला। वेंस ने कहा कि हमें पूरी तरह भरोसा चाहिए कि ईरान न तो परमाणु हथियार बनाएगा और न ही ऐसी तैयारी करेगा जिससे वह जल्दी हथियार बना सके।
अमेरिका ने माइंस हटाने का अभियान शुरू किया: अमेरिकी सेना के सेंटकॉम (CENTCOM) ने कहा है कि अमेरिकी युद्धपोत समुद्री रास्ते को सुरक्षित बनाने की तैयारी कर रहे हैं। आरोप है कि ईरान ने इस अहम समुद्री मार्ग में बारूदी सुरंगें बिछाई हैं।
नेतन्याहू बोले- अभियान अभी खत्म नहीं: इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई अभी खत्म नहीं हुई है। उनका कहना है कि हमले इसलिए किए गए क्योंकि ईरान परमाणु हथियार बनाने के करीब था। उन्होंने दावा किया कि इन हमलों से ईरान के परमाणु कार्यक्रम को बड़ा नुकसान पहुंचा है।
इमोशनल मैसेज: ईरानी संसद के स्पीकर गालिबाफ शुक्रवार रात प्लेन में बच्चों की तस्वीरें रखकर पाकिस्तान पहुंचे। ये बच्चे 28 फरवरी को मिसाइल हमले में मारे गए थे। इसका इल्जाम अमेरिका-इजराइल पर लगा था।
लेबनान में हमले जारी: लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, तुफाहता इलाके में हुए हमलों में 9 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 5 की हालत गंभीर है।

