सूरजपुर// छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में कुछ युवकों ने फारेस्ट गार्ड को गर्लफ्रेंड के साथ पकड़ लिया, जिसके बाद उन्होंने मोबाइल पर गाना बजाकर फॉरेस्ट गार्ड से डांस करवाया। फिर गर्लफ्रेंड के सामने ही उसकी जमकर पिटाई की। मारपीट और डांस का वीडियो सामने आया है।

युवकों ने फॉरेस्ट गार्ड को पीटा, नचाया और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया।
मामला सूरजपुर कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, फॉरेस्ट गार्ड का नाम बुधराम पैकरा है और वह देवनगर बीट में पदस्थ है। दोनों देवनगर नर्सरी में बैठकर बातचीत कर रहे थे। तभी युवकों ने उन्हें पकड़ लिया।
हालांकि, इस मामले में पीड़ित की ओर से थाने में कोई शिकायत नहीं की गई है। वायरल वीडियो को लेकर पुलिस का कहना है कि अगर शिकायत मिलती है तो मामले में कार्रवाई की जाएगी। वीडियो वायरल होने के बाद DFO डीपी साहू ने फॉरेस्ट गार्ड को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
मारपीट और डांस की तस्वीरें देखिए…

युवकों ने गाना बजाकर पहले फॉरेस्ट गार्ड को डांस करवाया।

2 युवकों ने गर्लफ्रेंड के सामने बेल्ट से फॉरेस्ट गार्ड को जमकर पीटा।

मारपीट के दौरान पीड़ित फॉरेस्ट गार्ड यूनिफॉर्म में था।
जानिए क्या है पूरा मामला ?
वीडियो 23 फरवरी का बताया जा रहा है। फॉरेस्ट गार्ड बुधराम पैकरा अपनी गर्लफ्रेंड के साथ देवनगर नर्सरी पहुंचा था। इसी दौरान कुछ युवक वहां आ गए और दोनों को साथ देख लिया। पहले युवकों ने मोबाइल में गाना बजाकर फॉरेस्ट गार्ड से डांस करने को कहा।
ठीक से डांस नहीं करने पर युवकों ने फॉरेस्ट गार्ड को फटकारा। जब डांस से मन भर गया तो उन्होंने गर्लफ्रेंड के सामने ही बुधराम की डंडे और बेल्ट से पिटाई कर दी और पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी रिकॉर्ड किया गया। घटना के समय फॉरेस्ट गार्ड यूनिफॉर्म में था।
मारपीट के बाद गर्लफ्रेंड को घर भेज दिया गया
मारपीट के दौरान फॉरेस्ट गार्ड ने मारपीट कर रहे युवकों के साथ मौजूद एक युवक को पहचान लिया। वीडियो में वह उसे ‘राजू भैया’ कहकर बचाने की गुहार लगाता दिखाई दे रहा है। मारपीट के बाद युवकों ने फॉरेस्ट गार्ड को वहां से भगा दिया और उसकी गर्लफ्रेंड को घर भेज दिया।
पिटाई करने वाले युवती के रिश्तेदार
बाद में युवकों ने फॉरेस्ट गार्ड के साथ मारपीट और डांस वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल दिया। बताया जा रहा है युवती देवनगर क्षेत्र की रहने वाली है। मारपीट में शामिल कुछ युवक उसके रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। युवकों ने फॉरेस्ट गार्ड को नौकरी छोड़ने की धमकी भी दी।
SSP बोले- शिकायत मिलने पर करेंगे कार्रवाई
इस पूरे मामले में सूरजपुर एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर का कहना है कि वीडियो संज्ञान में आया है। फिलहाल, कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
DFO ने 3 दिन में मांगा जवाब
फॉरेस्ट गार्ड की पिटाई का वीडियो सामने आने के बाद DFO ने कार्रवाई की है। नोटिस जारी कर डीएफओ डीपी साहू ने कहा है कि वर्दी में मारपीट की घटना घटी। इसकी सूचना फॉरेस्ट गार्ड बुधराम पैकरा ने कार्यालय में नहीं दी। जिससे विभाग की छवि धूमिल हुई है। 3 दिन में इस पर स्पष्टीकरण मांगा गया है।


