सड़क हादसे में बीआईटी के छात्र की मौत…ट्रक चालक वाहन समेत फरार…

दुर्ग-भिलाई// दुर्ग जिले में नेशनल हाईवे-53 स्थित पावर हाउस फ्लाईओवर पर मंगलवार रात सड़क हादसे में बीआईटी के छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाए जा रहे अज्ञात ट्रक ने बाइक सवार को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया। छावनी पुलिस ने हिट एंड रन का केस दर्ज किया है।

जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान शुभांक वैष्णव (20) के रूप में हुई है, जो बिलासपुर का निवासी था। वर्तमान में बीआईटी दुर्ग में पढ़ता था। पुलिस के अनुसार, शुभांक मंगलवार रात लगभग 10:30 बजे खुर्सीपार से दुर्ग की ओर अपने एक्टिवा वाहन से जा रहा था। जैसे ही वह पावर हाउस फ्लाईओवर पर पहुंचा, तभी पीछे से आ रहे अज्ञात ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।

सड़क हादसे में मौके पर हुई छात्र की मौत।

सड़क हादसे में मौके पर हुई छात्र की मौत।

रौंदते हुए निकल गया ट्रक

टक्कर इतनी भीषण थी कि, शुभांक सड़क पर गिर पड़ा और ट्रक उसे रौंदते हुए आगे निकल गया। मौके पर ही छात्र की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही छावनी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

छावनी थाना प्रभारी मनीष शर्मा ने बताया कि, अज्ञात ट्रक ड्राइवर के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जिससे उसकी पहचान हो सके। पुलिस संभावित मार्गों पर भी जांच कर रही है। फ्लाईओवर के उपर हादसा होने से सीसीटीवी फुटेज मिलने में समस्या भी आ रही है।

Chhattisgarh