दोस्त को चाकू से गोदकर मार डाला: नशे में दोनों साथ बैठकर लगा रहे थे ठहाके, फिर विवाद हुआ तो किया अटैक…

जगदलपुर// छ्त्तीसगढ़ के जगदलपुर में एक युवक ने अपने दोस्त पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी है। बताया जा रहा है कि वारदात से कुछ देर पहले तक दोनों साथ में बैठे थे और जमकर ठहाके लगा रहे थे, फिर किसी बात पर दोनों के बीच विवाद में एक युवक ने दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया जिससे उसकी मौत हो गई। यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

वारदात की CCTV फुटेज सामने आई है। - Dainik Bhaskar

वारदात की CCTV फुटेज सामने आई है।

जानकारी के मुताबिक, जगदलपुर से लगे पनारा पारा में एक बरगद के पेड़ के नीचे दो युवक अर्जुन बघेल (45) और भारत चौरसिया (48) बैठे हुए थे। बताया जा रहा है कि, दोनों नशे में चूर थे। पहले दोनों काफी देर तक साथ बैठकर हंसी मजाक कर रहे थे। फिर एकाएक दोनों के बीच मैं किसी बात को लेकर बहस के बाद विवाद काफी बढ़ गया दोनों के बीच हाथापाई शुरू भी हुई।

भारत चौरसिया अपने पास चाकू रखा हुआ था। जिसने अर्जुन बघेल के पेट में कई बार वार कर उसे अधमरा कर दिया। इसी बीच पास में स्थित घर के कुछ लोग मौके पर पहुंचे जिन्होंने मामले को शांत करवाया। अर्जुन बघेल घायल अवस्था में पेड़ के नीचे पड़ा था। फिर इलाके के लोगों ने मामले की जानकारी फौरन पुलिस को दी। इलाके के लोगों की मदद से पुलिस ने घायल को फौरन अस्पताल पहुंचाया।

इलाज के दौरान घायल ने दम तोड़ दिया। उधर पुलिस ने आरोपी युवक को भी पकड़ लिया है। यह पूरी वारदात पास में एक घर के बाहर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। वीडियो सोशल मीडिया पर भी जमकर वायरल हो रहा है। दरअसल, जगदलपुर शहर में चाकूबाजी की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी नशेड़ी इस तरह की वारदात कर चुके हैं।