कोरबा// कोरबा के इंडस्ट्रियल एरिया खरमोरा में एक सूने मकान से सोने-चांदी के जेवरात और 60,000 रुपये नकद की चोरी हो गई। घटना 26 दिसंबर की सुबह सामने आई, जब मकान मालिक ड्यूटी से लौटे। चोरी की यह वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है, जिसमें पांच संदिग्ध लोग नजर आ रहे हैं। सिविल लाइन पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना सिविल लाइन रामपुर क्षेत्र के खरमोरा निवासी ओम सोनी अपनी पत्नी के साथ रहते हैं और बसंल फ्लाई ऐश फैक्ट्री में रात की चौकीदारी करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 25 दिसंबर की रात करीब 8 बजे वे घर में ताला लगाकर ड्यूटी पर चले गए थे। 26 दिसंबर की सुबह लगभग 5 बजे लौटने पर उन्होंने देखा कि मुख्य गेट का ताला लगा था, लेकिन दरवाजे का कब्जा तोड़कर चोर अंदर घुस गए थे।
सीसीटीवी फुटेज में दिखे पांच संदिग्ध
चोरों ने घर के दीवान में रखे एक सोने के कान के टॉप्स, एक चांदी का पायल और 60,000 रुपये नकद चुरा लिए। पास की फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी फुटेज में पांच संदिग्ध लोग दिखाई दे रहे हैं, जिन्होंने रात करीब 1:54 बजे चोरी की घटना को अंजाम दिया।
पीड़ित ने आरोपियों को पकड़ने की मांग की
ओम सोनी ने बताया कि घटना को तीन दिन बीत चुके हैं, लेकिन चोर अब तक पकड़े नहीं गए हैं। चौकीदारी कर जीवन यापन करने वाले ओम सोनी की आर्थिक स्थिति इस चोरी से बिगड़ गई है। उन्होंने सिविल लाइन थाना पुलिस से दोबारा शिकायत कर आरोपियों को जल्द पकड़ने की गुहार लगाई है।
पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी
सिविल लाइन थाना पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है। यह सिविल लाइन थाना क्षेत्र में चोरी की पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी इस क्षेत्र में चोरी की कई वारदातें सामने आ चुकी हैं, जिनमें पुलिस ने कार्रवाई कर आरोपियों को जेल भी भेजा है। हालांकि, इसके बावजूद चोरों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने की पुलिस पेट्रोलिंग की मांग
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस क्षेत्र के अटल आवास में नशेड़ी और अपराधी प्रवृत्ति के लोग अधिक रहते हैं, जिसके कारण ऐसी घटनाएं होती हैं। यहां कई बार मारपीट की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। स्थानीय निवासियों ने क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग और निगरानी बढ़ाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

