कोंडागांव// छत्तीसगढ़ के कोंडागांव में दोहरे हत्याकांड मामले में मुख्य आरोपी पति रोहित सेठिया समेत कुल 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, अवैध प्रेम संबंध, पारिवारिक दबाव और भरण-पोषण की रकम से बचने के लिए यह साजिश रची गई थी। मृतक महिला की पहचान भागवती सेठिया और उसके 3 वर्षीय बेटे के रूप में हुई है, जो पहले लापता बताए गए थे।

गर्लफ्रेंड के दबाव और भरण-पोषण से बचने पति ने पत्नी और बेटे की गला घोंटकर हत्या की
पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी रोहित सेठिया ने अपने परिजनों और कुछ सहयोगियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने पहले महिला की गला घोंटकर हत्या की, फिर उसके 3 वर्षीय बेटे की भी गला घोंटकर हत्या कर दी। सबूत मिटाने के उद्देश्य से शवों को नदी और तालाब में फेंक दिया गया था। यह मामला फरसगांव थाना क्षेत्र का है।

दोहरे हत्याकांड में मुख्य आरोपी पति रोहित सेठिया समेत कुल 7 आरोपी गिरफ्तार

शादी के बाद से ही भागवती सेठिया को रोहित के परिवार वाले प्रताड़ित करते थे।
आरोपी का दूसरी युवती से था अफेयर
भागवती सेठिया ग्राम सिरपुर की रहने वाले थी। उसकी शादी रोहित सेठिया से 2020 में हुई थी और उनका एक 3 साल बेटा था। वह अपने पति और बच्चे के साथ ससुराल में रह रही थी। शादी के बाद से ही भागवती को रोहित के परिवार द्वारा प्रताड़ित किया जा रहा था। ससुराल पक्ष भागवती के साथ लगातार मारपीट करता था, जिसको लेकर पूर्व में सामाजिक बैठक भी हो चुकी थी।
सामाजिक बैठक के बाद पति-पत्नी रहने लगे थे अलग
सामाजिक बैठक के बाद भागवती और उसके पति रोहित अलग-अलग स्थानों पर रहने लगे थे। इसी बीच भागवती और उसका मासूम बच्चा मायके ग्राम सिरपुर से अचानक लापता हो गए। इस दौरान रोहित का बसंती सेठिया नाम की दूसरी युवती के साथ अफेयर हो गया।

पत्नी की गला घोंटकर हत्या की फिर शव को पत्थरों से बांधकर इंद्रावती नदी में फेंक दिया।
दोहरे हत्याकांड की साजिश
पुलिस के अनुसार, रोहित ने परिवार और गर्लफ्रेंड के दबाव के साथ-साथ तलाक के विवाद और कोर्ट द्वारा निर्धारित 5000 रुपये प्रति माह की भरण-पोषण राशि से बचने के लिए दोहरे हत्याकांड की साजिश रची।
आरोपी ने पत्नी की गला घोंटकर हत्या की
पुलिस की जांच के अनुसार, 24 नवंबर को आरोपी रोहित सेठिया ने भागवती सेठिया को विशाखापट्टनम घुमाने का बहाना बनाकर अपने साथ ले गया। रास्ते में ओडिशा के जयपुर रोड के पास एक सुनसान इलाके में महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद, शव को पहचान छिपाने के लिए पत्थरों से बांधकर इंद्रावती नदी में फेंक दिया गया।

पत्नी की हत्या के बाद 3 साल के मासूम की भी गला घोंटकर हत्या की और शव को तालाब में फेंक दिया।
पत्नी को मारने के बाद बच्चे की भी ले ली जान
महिला की हत्या के बाद, आरोपी उसके 3 वर्षीय बेटे को ओडिशा के सिंगारसाड़ी क्षेत्र के जंगल में स्थित एक तालाब के पास ले गए। वहां बच्चे की भी गला घोंटकर हत्या कर दी गई और उसके शव को तालाब में फेंक दिया गया।
कॉल डिटेल रिकॉर्ड से आरोपी तक पहुंची पुलिस
इस बीच परिजनों के घरवालों ने बताया कि वह अपने बच्चे के साथ 20 नवंबर से लापता थी। लेकिन उन्हें इस घटना की जानकारी 3 दिसंबर को मिली।
ससुराल पक्ष पर मारपीट का आरोप
इसके बाद उन्होंने 6 दिसंबर को फरसगांव थाने में महिला और बच्चे के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और टावर लोकेशन के आधार पर आरोपियों तक पहुंची।
इस हत्याकांड में अब तक 7 आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में मुख्य आरोपी रोहित सेठिया के साथ उसकी गर्लफ्रेंड बसंती सेठिया, माता उर्मिला सेठिया और पिता रमेशचंद्र सेठिया को गिरफ्तार किया गया है। इनके अतिरिक्त, तीन अन्य आरोपियों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है, जिससे कुल गिरफ्तारियों की संख्या 7 हो गई है।

