धमतरी// छत्तीसगढ़ के धमतरी में एक पेट्रोल पंप पर गुंडागर्दी का मामला सामने आया है, जिसका सीसीटीवी फुटेज वायरल हो रहा है। घटना में एक बदमाश युवक ने पेट्रोल पंप के संचालक को थप्पड़ मारा और महिला कर्मचारियों के साथ बदसलूकी व छेड़छाड़ की।
मामला अर्जुनी थाना क्षेत्र का है। घटना पुराना रायपुर रोड स्थित दंतेश्वरी फ्यूल्स और गॉड फ्यूल्स नामक दो पेट्रोल पंपों पर हुई। आरोपी ने पेट्रोल डालने वाले पाइप को उठाकर खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की धमकी भी दी। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बदमाश ने महिला कर्मचारी से बद्तमीजी की।

पेट्रोल पंप में ऑफिस में घुसकर संचालक को धमकाया।
पेट्रोल पंपों पर बदमाशों का उत्पात
जानकारी के अनुसार, 7 और 8 दिसंबर की रात को बदमाश युवकों ने इन पेट्रोल पंपों पर उत्पात मचाया। दंतेश्वरी फ्यूल्स में 7 दिसंबर को शाम करीब 7 बजे कुछ युवक आए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की, साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी।
सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि बदमाश युवक पहले संचालक के साथ गाली-गलौज और मारपीट करता है। इसके बाद वह पेट्रोल डालने वाले उपकरण को हाथ लगाकर खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की धमकी देता है।
उसने संचालक को थप्पड़ भी मारा और स्टील के डस्टबिन से मारने की कोशिश की। बाद में वह पेट्रोल डलवाने वाली जगह पर पहुंचकर महिला कर्मचारियों के साथ बदतमीजी और छेड़छाड़ करता है।

CCTV के जरिए आरोपी की पहचान कर रही पुलिस
पेट्रोल पंप संचालक ने इस मामले की शिकायत थाने में दर्ज कराई है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर बदमाशों की पहचान कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। जिले के पेट्रोल पंपों पर इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे संचालकों में चिंता का माहौल है।

