युवक ने फांसी लगाकर कर ली खुदकुशी…सुसाइड से पहले वीडियो बना इंस्टाग्राम पर किया पोस्ट…4 युवकों को अपनी मौत का ठहराया जिम्मेदार…अपराध दर्ज

सरगुजा// अंबिकापुर में एक युवक ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। सुसाइड करने से पहले वीडियो भी बनाया है, जिसे इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया। जिसमें 4 युवकों को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया है। अब पुलिस ने उनके खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का केस दर्ज किया है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, बौरीपारा शिकारी रोड निवासी परम तिवारी (25) ने शुक्रवार की रात अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। फांसी लगाने के पहले उसने 1 मिनट 22 सेकेंड का वीडियो रिकार्ड कर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। युवक का शव शनिवार को फांसी पर झूलता मिला था। पुलिस मृतक के वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

घर में फांसी पर झूलता मिला था शव।

घर में फांसी पर झूलता मिला था शव।

4 युवकों को बताया मौत का जिम्मेदार

दरअसल, परम तिवारी शुक्रवार 5 दिसंबर की शाम अग्रसेन चौक के पास जिम गया था। वहां से दो दोस्तों के साथ बाहर आया। उसका चार युवकों से विवाद हो गया था। विवाद के बाद परम तिवारी घर आ गया।

परम तिवारी ने अपना वीडियो रिकार्ड कर बताया था कि, देर शाम चार युवक उसके घर पहुंचे। उसे, उसके माता-पिता और भाई को जान से मारने की धमकी दी। परम तिवारी ने अपनी मौत के लिए चारों युवकों को जिम्मेदार बताया था।

पुलिस ने दर्ज किया केस

पुलिस ने वीडियो के आधार पर दो युवकों और परिजनों से पूछताछ की। सरगुजा ASP अमोलक सिंह ने बताया कि, मामले में वीडियो के आधार पर 4 युवक छोटू मिश्रा, बुद्धि पंडित, विक्रांत और प्रांजल मिश्रा के खिलाफ BNS की धारा 108 के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

पॉलिटेक्निक का छात्र था युवक

परम मिश्रा वर्तमान में पॉलिटेक्निक कॉलेज का छात्र था। वह पिछले डेढ़ साल से घर से अलग सहेली गली में किराए के मकान में रहता था। वह एक ठेका कंपनी में इंटीरियर डिजाइनर का काम पार्ट टाइम में करता था। पुलिस मामले में सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। चारों युवकों से विवाद के कारणों का पता नहीं चल सका है।

Chhattisgarh