जांजगीर-चांपा// जांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत झिलमिली में बुधवार दोपहर एक सड़क हादसा हुआ। झिलमिली पंचायत भवन के पास बुलेट के पिछले पहिए में साड़ी का पल्लू फंसने से पीछे बैठी महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई।

यह घटना दोपहर लगभग 2 से 3 बजे के बीच हुई। बुलेट पर मां-बेटा पामगढ़ की ओर से बिलासपुर-मुंगेली जा रहे थे। साड़ी फंसने से महिला का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर गई। उसे सिर और कमर में गंभीर चोटें आई हैं।
हादसे में घायल महिला को पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल
हादसे के तुरंत बाद पामगढ़ थाना के एएसआई रामदुलार साहू और प्रधान आरक्षक रामलाल मार्कण्डेय मौके पर पहुंचे। वे किसी काम से मुलमुला थाना की ओर जा रहे थे। पुलिसकर्मियों ने तुरंत अपनी गाड़ी रोकी और घायल महिला को प्राथमिक सहायता प्रदान की।
इसके बाद, उन्होंने 108 एंबुलेंस को बुलाया और महिला को आगे के इलाज के लिए बिलासपुर अस्पताल भेजा।
पुलिसकर्मियों की इस त्वरित और मानवीय कार्रवाई की ग्रामीणों तथा राहगीरों ने सराहना की है।

