कोरबा// कोरबा में पत्नी की मौत के तीन माह बाद बुजुर्ग पति ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। 66 वर्षीय दुखीराम को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां दो दिन के उपचार के बाद उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
यह घटना उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम पताढ़ी की है। दुखीराम शनिवार को काम से लौटने के बाद देर शाम घर आए और नशे की हालत में जहर का सेवन कर लिया। उनकी तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
मां की 3 महीने पहले हो चुकी है मौत
मृतक के बेटे बसंत कुमार ने बताया कि मां की तीन माह पहले मौत हो चुकी है। मौत के बाद से पिता दुखीराम गुमसुम रहते थे। परिजनों ने आशंका जताई है कि पत्नी के वियोग में ही उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया होगा।
इस मामले में जिला अस्पताल चौकी प्रभारी विश्व नारायण चौहान ने बताया कि मंगलवार को मेडिकल कॉलेज से मिली सूचना के आधार पर परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

