बिलासपुर// छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में 5 महीने की गर्भवती की संदिग्ध मौत हुई है। आरोप है कि उसके मौलाना पति ने प्रेग्नेंट महिला को पहले गर्म प्रेस से जलाया। पेट पर लात मारी, फिर टॉयलेट क्लीनर पिला दिया। महिला बेहोश हो गई। इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
इसके बाद मौलाना ने बिना पोस्टमॉर्टम करवाए शव को उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर ले जाकर दफना दिया। मोहल्लेवासियों ने इसकी शिकायत एसएसपी से की। परिजन ने भी हत्या का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की। जिसके बाद मिर्जापुर SDM-पुलिस को कब्र खोदकर शव को निकलवाने और पोस्टमॉर्टम कराने के लिए पत्र लिखा गया है।
परिजनों और मोहल्लेवासियों ने SSP से की शिकायत-

मोहल्लेवासियों और परिजनों ने मामले की शिकायत एसएसपी रजनेश सिंह से की है।

पड़ोसियों ने बताया कि मौलाना की पत्नी की अचानक मौत हुई, जिसके बाद वह यूपी चला गया।
जानिए क्या है पूरा मामला
पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। तालापारा स्थित मस्जिद फैजाने गरीब नवाज के पास रहने वाला मौलाना कारी बशीर तैयबा (40) 3 भाइयों के साथ मिलकर होटल चलाता है। परिजनों ने एसएसपी को बताया कि मौलाना का किसी दूसरी महिला को लेकर पत्नी सलमा (35) से 11 जुलाई को विवाद हुआ था।
रात में कारी बशीर ने भाइयों के साथ मिलकर गर्भवती पत्नी को बेहरमी से पीटा। कपड़ा प्रेस करने वाले गर्म आयरन से उसे जलाया। पेट में लात मारी। 12 जुलाई को उसे जबरदस्ती हार्पिक (टॉयलेट क्लीनर) पिलाया और छोड़ कर चला गया।
महिला बेहोश हुई तो उसकी 8 साल की बेटी ने मोहल्लेवालों को इसकी जानकारी दी। पड़ोसी जब घर पहुंचे तो देखा कि फर्श पर हार्पिक फैला था और चादर खून से सनी हुई थी।

पड़ोसियों का आरोप शव का पोस्टमॉर्टम कराए बिना ले गया उत्तरप्रदेश।
अस्पताल प्रबंधन से मिलीभगत का आरोप
मोहल्लेवालों ने कारी बशीर को फोन किया तब उसने पत्नी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। मोहल्लेवालों ने बताया कि 12 जुलाई की रात 10.45 बजे पत्नी की मौत हो गई। मर्ग की सूचना देने की बात कहने पर उसने अस्पताल प्रबंधन से सांठ-गांठ कर फर्जी लामा बनवाया।
इसके बाद पत्नी के शव को निजी एम्बुलेंस से सीधे उत्तरप्रदेश के मिर्जापुर ले गया। मिर्जापुर मौलाना का पैतृक निवास है। महिला के परिजन भी मिर्जापुर में रहते हैं। 13 जुलाई को मौलाना ने मिर्जापुर में पत्नी का अंतिम संस्कार कर दिया।
परिजन बोले- दहेज के लिए मारपीट करता था
महिला के परिवार वालों ने मौलाना कारी बशीर अहमद पर सलमा से मारपीट कर हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस से की है। इस घटना के 12 दिन बाद भाई रागीब खान मिर्जापुर से आया और बिलासपुर एसएसपी से मुलाकात की। उसने बताया कि बहन सलमा का विवाह 14 साल पहले बशीर अहमद से हुआ था। दहेज के लिए आए दिन मारपीट करता था।
पिछले कुछ साल से वे बिलासपुर रहने लगा। यहां भी आए दिन बहन के साथ मारपीट करता था। 11 और 12 जुलाई को मारपीट के बाद तबीयत बिगड़ने से अस्पताल में भर्ती कराया। उसे सलमा के टॉयलेट क्लीनर पीने से तबीयत बिगड़ने की सूचना दी गई थी।
हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने का आरोप
भाई रागीब खान ने बताया कि उसके बहन के पति बशीर मदरसा संचालित करते हैं। उसका कहना है कि सुनियोजित तरीके से उसकी बहन की हत्या की गई है। जिसके बाद सबूत मिटाने का षडयंत्र भी किया है। उसने पूरे मामले को छिपाने की कोशिश की। महिला की मौत के बाद भी उसने मोहल्ले के किसी व्यक्ति को नहीं बताया।
उसने यह भी आरोप लगाया है कि बशीर अहमद, उसके भाई अनस, फरीद, जेट नसीर, ससुर ईद्रीस और ननद सबीना आए दिन दहेज और खर्च के लिए बहन को प्रताड़ित करते थे। मृतिका की मां ने कहा कि बेटी ने किसी दूसरी महिला से संबंध की भी जानकारी दी थी। परिजनों ने निष्पक्ष जांच कर हत्या का केस दर्ज करने की मांग की है।
मिर्जापुर SDM और पुलिस को लिखा पत्र
सीएसपी निमितेश सिंह ने मीडिया को बताया कि मामले में पड़ोसियों की शिकायत पर पुलिस पहले से जांच कर रही है। इस मामले में मिर्जापुर एसडीएम और पुलिस को महिला का कब्र खोदकर शव को निकलवाने और पोस्टमॉर्टम कराने के लिए पत्र लिखा गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।


