दंतेवाड़ा// छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के कटेकल्याण अस्पताल के बाथरूम में 7वीं की छात्रा ने नवजात बच्चे को जन्म दिया है। प्रसव के बाद नवजात को मारने के लिए मां-बेटी ने बाथरूम के इंडियन टॉयलेट सीट में डाल दिया। सीट में फंसने और पानी में डूबे रहने से मौत हो गई।
मिली जानकारी के मुताबिक 12 साल की बच्ची कटेकल्याण ब्लॉक की रहने वाली है। लड़की ने 8 से 9 महीने के बच्चे को जन्म दिया है, लेकिन मां के साथ मिलकर बच्चे को मरने के लिए बाथरूम सीट में डालकर चली गई। बाथरूम से निकलते वक्त CCTV कैमरे में कैद हुए हैं।

प्रसव के बाद नवजात को मारने के लिए मां-बेटी ने बाथरूम के इंडियन टॉयलेट सीट में डाल दिया, जहां वो फंसा रह गया। जिससे मौत हो गई।
जानिए क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, नाबालिग लड़की की 13 जून को तबीयत ठीक नहीं थी। हालत बिगड़ने पर नाबालिग की मां कटेकल्याण अस्पताल में इलाज कराने ले गई। इस दौरान लड़की के पेट में तेज दर्द उठा। इसके बाद मां उसे बाथरूम लेकर गई, जहां बच्ची ने नवजात को जन्म दिया।
इसके बाद मां-बेटी ने मिलकर बच्चे को बाथरूम के टॉयलेट सीट में डाल दिया, जिससे नवजात सीट में फंस गया और उसकी मौत हो गई। दोनों मां-बेटी बाथरूम से निकल गए। वहीं बच्चे को जन्म देने के बाद लड़की की हालत बिगड़ने लगी। उसे तत्काल जिला अस्पताल रेफर किया गया।
कैसे पता चला नवजात के बारे में
बताया जा रहा है कि अस्पताल में मौजूद कुछ मरीज बाथरूम गए। इस दौरान उन्होंने टॉयलेट सीट में नवजात का शव देखा। इसकी जानकारी अस्पताल के लोगों को दी। नवजात के शव को बाहर निकाला गया। इसके बाद डॉक्टर्स ने अस्पताल में लगे CCTV फुटेज खंगाले, जिसमें मां-बेटी बाथरूम से बाहर निकलते नजर आए।

कटेकल्याण अस्पताल के बाथरूम में मिला नवजात का शव।
करीब 8 से 9 महीने का था नवजात- CMHO
दंतेवाड़ा CMHO अजय रामटेके ने बताया कि शव को देखकर लग रहा है कि नवजात करीब 8 से 9 महीने का था। नवजात के शव का पोस्टमॉर्टम भी हो गया है। DNA जांच बाकी है। बच्ची अभी जिला अस्पताल में भर्ती है। पुलिस को भी जानकारी दी गई है। फिलहाल, मामले की जांच की जा रही है।
बच्ची कैसे हुई गर्भवती ?
दंतेवाड़ा SP गौरव राय ने कहा कि, यह पॉस्को का भी मामला है। पुलिस की जांच जारी है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। बच्ची की उम्र महज 12 साल है। वो गर्भवती कैसे हुई, उसका रेप कहां हुआ ? फिलहाल इन सभी सवालों के जवाब पुलिस खंगाल रही है।