कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप: युवती बोली- 10 साल तक रिलेशन में रहने के बाद शादी से किया इनकार… युवती गर्भवती हुई तो आरोपी ने एबॉर्शन भी करवाया…आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग// दुर्ग जिले में शादी का झांसा देकर युवती से रेप का मामला सामने आया है। आरोपी युवा कांग्रेस का पूर्व प्रदेश महासचिव है। 10 साल तक रिलेशन में रहने के बाद आरोपी ने युवती से शादी से इनकार कर दिया। रिलेशनशिप के दौरान युवती गर्भवती हुई तो आरोपी ने एबॉर्शन भी करवाया।

पीड़िता ने युवक के खिलाफ पद्मनाभपुर थाने में FIR दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

एएसपी पद्मश्री तंवर ने बताया कि एक युवती ने पद्मनाभपुर थाने में शारीरिक शोषण का मामला दर्ज कराया है। लड़की ने आरोप लगाया है कि साल 2015 में उसकी मुलाकात भिलाई निवासी मो. आमिर सिद्दकी (35 साल) से हुई थी।

घरवालों को रिश्ता मंजूर नहीं था

दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ी। आमिर ने लड़की को शादी का वादा किया, लेकिन लड़की के घरवालों को ये रिश्ता मंजूर नहीं था। इसके बाद भी आमिर और लड़की साल 2015 से 2025 तक एक साथ रहे। दोनों के बीच मिलना-जुलना होता रहा।

गर्भवती हुई तो एबॉर्शन कराया

इस दौरान आमिर ने समय-समय पर लड़की के साथ शारीरिक संबंध बनाए। लड़की के गर्भवती होने पर उसने उसे शादी करने का झूठा वादा किया और एबॉर्शन करा दिया। कुछ दिन पहले लड़की को पता चला कि, आमिर का किसी दूसरी लड़की से निकाह होने वाला है, इस पर उसने उससे झगड़ा किया और शादी के लिए दबाव बनाया।

जब लड़की शादी की जिद पर अड़ गई तो आमिर ने लड़की से शादी करने से ही मना कर दिया। इसके बाद लड़की ने पद्मनाभपुर थाने में जाकर मामले की शिकायत दर्ज कराई।

बिफोर टाइम कोर्ट में हुई सुनवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को पुलिस ने कोर्ट में बिफोर टाइम पेश किया। इस मामले की सुनवाई के लिए दुर्ग जिला न्यायालय की संबंधित कोर्ट को समय से पहले खोला गया। वहां पुलिस ने आरोपी को पेश किया। न्यायालय ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।