छत्तीसगढ़ सरकार में नए मंत्रियों का ऐलान जल्द होने की खबर…नए मंत्रियों के नाम तय, विधानसभा उपाध्यक्ष और संसदीय सचिवों की भी होगी ताजपोशी!!!..आखिरी दौर की बातचीत के बाद जारी होगी सूची…
रायपुर// छत्तीसगढ़ सरकार में नए मंत्रियों का ऐलान अब कभी-भी हो सकता है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, नाम तय कर लिए गए हैं, सिर्फ घोषणा बाकी है। इससे पहले चुनावों और निगम-मंडल लिस्ट की वजह से ये ऐलान टलता रहा है।
विधानसभा उपाध्यक्ष के साथ-साथ एक दर्जन से ज्यादा संसदीय सचिवों की ताजपोशी भी होगी. साय सरकार ने हाल ही में निगम,मंडल,आयोग और बोर्ड में नियुक्ति की थी. इन नियुक्तियों के जरिए यह संदेश दे दिया था कि आने वाले दिनों में सभी तरह की नियुक्तियों को अमलीजामा पहना दिया जाएगा
भाजपा के संगठन मंत्री शिवप्रकाश सोमवार रात तक रायपुर पहुंचेंगे। प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन कल 8 अप्रैल को रायपुर पहुंच सकते हैं। ये दोनों ही नेता संगठन की बैठक लेंगे। माना जा रहा है कि इसके बाद मंत्री के नामों का ऐलान हो सकता है।
हालांकि, आधिकारिक तौर पर पार्टी की ओर से कहा गया है कि दोनों ही नेता भाजपा स्थापना दिवस के कार्यक्रमों की वजह से रायपुर आ रहे हैं।
एक आखिरी दौर की बातचीत बाकी-सूत्र
पार्टी सूत्रों ने बताया कि संगठन और सरकार के बीच एक आखिरी दौर की बातचीत होगी। इसके बाद नामों की घोषणा हो जाएगी। इसी माह नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण राजभवन में करवाए जाने की चर्चा है। हालांकि मीडिया के बार-बार पूछे जाने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय यही कहते रहे हैं, थोड़ा इंतजार करिए।
2 मंत्रियों की जगह खाली
साय कैबिनेट का जब गठन हुआ तो मुख्यमंत्री सहित 12 मंत्री थे हैं। प्रदेश में 13 मंत्रियों को कैबिनेट में रखा जाता रहा है। तो पहले से ही एक खाली था। लोकसभा चुनाव के समय बृजमोहन अग्रवाल ने इस्तीफा दिया, तो 11 मंत्री बचे। कुल मिलाकर 2 मंत्रियों की जगह साय कैबिनेट में इस वक्त खाली है। साय कैबिनेट में सबसे ज्यादा मंत्री सरगुजा संभाग से हैं। रायपुर दुर्ग और बस्तर संभाग से मात्र एक-एक मंत्री हैं। इसलिए इन तीनों संभाग का मंत्रिमंडल में प्रतिनिधत्व बढ़ सकता है।