सौतेली मां ने शराबी बेटे का पत्थर से कुचला सिर, सीने पर चोट के निशान; रोज के झगड़े से परेशान होकर की हत्या..

खैरागढ़// छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में शराबी बेटे से परेशान सौतेली मां ने उसे मौत के घाट उतार दिया। पैरीटोला गांव में सोमवार को योगेंद्र कंवर (22) का शव उसके कमरे में मिला। आरोपी रजनी कंवर (35) ने भारी पत्थर से मारकर बेटे की हत्या की है।
मामला छुरिया थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने घटना के 24 घंटे के अंदर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। रजनी कंवर ने बेटे के सिर और सीने पर पत्थर से हमला किया था। हत्या के बाद खून से सने कपड़े और पत्थर को छिपा दिया था।

आरोपी रजनी कंवर ने अपने सौतेले बेटे की हत्या की
रोज नशा कर गाली गलौज करता था
सौतेली मां रजनी कंवर से पूछताछ में सामने आया कि योगेंद्र रोज शराब पीकर घर आता था। वह गाली-गलौज करता और झगड़ा करता था। कई बार समझाने के बाद भी उसकी आदतें नहीं सुधरीं।
घटना वाली रात योगेंद्र नशे में धुत होकर घर आया। रजनी ने घर में रखे भारी पत्थर से उसके सिर और सीने पर कई वार किए। जिससे मौके पर ही योगेंद्र की मौत हो गई। रजनी ने खून से सने कपड़े और पत्थर छिपा दिए थे।
सिर और सीने में चोट के निशान
पुलिस के मुताबिक, कमरे में खून से लतपथ शव मिला था जिसके सिर और सीने पर गंभीर चोट के निशान थे। छुरिया पुलिस ने जांच शुरू की और परिवार के सदस्यों से पूछताछ की।
पुलिस ने घर की तलाशी में हत्या में प्रयुक्त खून से सना पत्थर और कपड़े बरामद कर लिया है। महिला पुलिस अधिकारी की मौजूदगी में रजनी कंवर को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज किया गया है।