ट्रांसफॉर्मर स्टोर एरिया में लगी भीषण आग, 200 ट्रांसफॉर्मर जले , 30 लाख का नुकसान, दूर-दूर से दिखाई दे रही थीं आग की लपटें…

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में ट्रांसफॉर्मर स्टोर एरिया में भीषण आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि करीब 200 ट्रांसफार्मर जल गए। आग की लपटें दूर से ही दिखाई दे रही थीं। 200 ट्रांसफॉर्मर जल गए। बिजली विभाग को करीब 30 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। घटना कोटरा रोड के गजानंद पुरम कॉलोनी की है।
मिली जानकारी के अनुसार आग सुबह 8 से 9 बजे के बीच लगी। आग लगते ही आस-पास के लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर 5 से ज्यादा फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंची। आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है, लेकिन अभी भी दूर से धुआं दिखाई दे रहा है।
ट्रांसफॉर्मर स्टोर एरिया में अचानक भीषण आग लग गई। इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
एक ट्रांसफॉर्मर के बाद धीरे-धीरे आग दूसरे ट्रांसफॉर्मर तक पहुंच गई।
आग लगने के बाद बुझाने के लिए बड़ी संख्या में पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम।
मौके पर 5 से ज्यादा फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंची हैं, जो आग बुझाने में जुटी हैं।
आग लगने के बाद दूर तक धुआं नजर आने लगा।
धुंए की वजह से लोगों को हुई परेशानी
स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह अचानक गजानंद पुरम कॉलोनी के पीछे से धुआं निकलने लगा। पहले तो लगा कि किसी ने कूड़े के ढेर में आग लगा दी है, लेकिन धीरे-धीरे आग भयावह होती चली गई। आग की लपटें दूर-दूर से दिखाई दे रही थीं।
कॉलोनी के लोगों ने बताया कि धुएं के कारण आसपास रहने वाले लोगों को काफी परेशानी हुई। आसपास रहने वाले लोग पहले तो आग बुझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन आग की लपटें इतनी बढ़ गई थीं कि उसे बुझाना मुश्किल हो गया। 2023 में भी ट्रांसफॉर्मर स्टोर एरिया में आग लग गई थी।
आग से घर का सामान जल कर राख
गजानंद पुरम कॉलोनी में रहने वाले राहुल सोनी के घर का कुछ हिस्सा भी आग की चपेट में आ गया। घर के पीछे की खिड़की, दरवाजा, पाइप लाइन, बिजली केबल समेत कई सामान जल कर राख हो गए। फायर ब्रिगेड की मदद से आग को बुझाया गया। वहीं कॉलोनी के कुछ घरों को खाली कराया गया है।
फील्ड से लाकर रखे गए खराब ट्रांसफॉर्मर जले
मामले में स्टोर एरिया कार्यपालन अभियंता गुंजन शर्मा ने बताया कि जैसे हमारी टीम को जानकारी मिली तुरंत मौके पर पहुंचे हैं। आग बुझाने की कोशिश जारी है। फील्ड से जो खराब ट्रांसफॉर्मर आते हैं, वही यहां रखे हुए थे। भीषण आग एक ट्रांसफॉर्मर से दूसरे ट्रांसफॉर्मर तक पहुंची है।
जिला सेनानी बी कुजूर ने बताया कि आग पर लगभग काबू पा लिया गया है। बिजली के केबल में लगी आग को हटाकर उस पर काबू पाया जा रहा है। फायर ब्रिगेड की गाड़ियां लगातार पानी की बौछारें कर रही हैं। केबल में लगी आग को फोम से भी बुझाया जा रहा है।