सड़क हादसे में भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष की बेटी वेंटिलेटर पर, CCTV कैमरे में कैद हुई घटना…डिवाइडर से टकराकर हवा में उछली, 5 बार पलटी कार…

Last Updated on 6 hours by City Hot News | Published: March 15, 2025
दुर्ग// छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में भीषण सड़क हादसे में भिलाई भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष स्वीटी कौशिक की बेटी की तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकरा गई। गंभीर चोट के कारण ऋचा कौशिक (22) वेंटिलेटर पर है। हादसा CCTV कैमरे में कैद हो गया। मामला दुर्ग कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
CCTV फुटेज में दिख रहा है कि कार हवा में उछली और 5 बार पलटी। एक युवक कार की खिड़की से 15 फीट हवा में उछलकर जमीन पर गिरता भी दिख रहा है।
मिली जानकारी के मुताबिक ऋचा कौशिक होली के दिन अपने दोस्तों के साथ दुर्ग के अंजोरा की तरफ जा रही थी। कार में 3 युवक भी सवार थे। सभी की हालत गंभीर है। बताया जा रहा है कि चालक और उसके साथियों ने शराब भी थी। कार के पास से शराब की बोतलें मिली हैं।

हादसा CCTV कैमरे में कैद हो गया। कार हवा में उछली और 5 बार पलटी।

हादसे के बाद कार के परखच्चे उड़ गए।
जानिए कैसे हुआ भयंकर हादसा ?
दरअसल, 14 मार्च की दोपहर 3 बजे सभी लोग खाना खाकर स्कोडा कार CG 07 CP 7214 से घर लौट रहे थे। कार तेज रफ्तार में थी। वह अंजोरा ढाबा के पास पहुंचे थे, तभी अचानक कार से संतुलन बिगड़ गया। कार डिवाइडर से टकराकर हवा में उछली।
इस दौरान कई बार पलटते हुए सड़क किनारे गिरी, जिससे कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में ऋचा कौशिक को काफी ज्यादा चोट आई। उसे सीधे रायपुर रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल ले जाया गया। सिर पर आई गंभीर चोट की वजह से उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया।
इलाज के दौरान ही ऋचा का ब्रेन काम करना बंद कर दिया और वो कोमा में चली गई। वहीं कार सवार ऋचा कौशिक के 3 दोस्तों को भी दुर्ग के आरोग्यम हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। तीनों के सिर और हाथ पैर में गंभीर चोट आई है।
ASI का बेटा भी साथ था
हादसे में क्राइम ASI गुप्तेश्वर यादव के बेटे मयंक यादव निवासी कोहका, आयुष यादव पिता परमेश्वर यादव (25 साल) निवासी औद्योगिक क्षेत्र हाउसिंग बोर्ड और हर्ष यादव (24 साल) निवासी कोहका भिलाई घायल हुए हैं। सभी का इलाज आरोग्यम अस्पताल में चल रहा है।

हादसे के बाद कार के परखच्चे उड़ गए हैं। बड़ी मुश्किल से घायलों को कार से बाहर निकाला गया।
भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने हादसे पर जताया दुख
भीषण सड़क हादसे को लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दुख व्यक्त किया। दुर्ग सांसद विजय बघेल, वैशाली नगर के विधायक रिकेश सेन, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडेय, भिलाई जिला भाजपा के अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन स्वीटी कौशिक के घर पहुंचे।
साथ ही नेता प्रतिपक्ष भोजराम सिन्हा, उप नेता प्रतिपक्ष दया सिंह, पार्षद विनोद सिंह, पूर्व भाजपा अध्यक्ष बृजेश बिचपुरिया ने भी घर पहुंचकर परिजनों से बेटी का हालचाल जाना।