कोरबा नगर निगम के नए सभापति बने नूतन सिंह ठाकुर…बीजेपी के आधिकारिक प्रत्याशी को हराया…67 में 33 पार्षदों ने बागी नूतन सिंह को दिया वोट… बिलासपुर-चिरमिरी में निर्विरोध चुनाव…

रायपुर// छत्तीसगढ़ के कोरबा नगर निगम सभापति चुनाव में बड़ा उलटफेर हो गया है। बीजेपी के आधिकारिक प्रत्याशी हितानंद अग्रवाल चुनाव हार गए हैं। 67 में से 33 पार्षदों ने सभापति के लिए बीजेपी से बागी होकर लड़े नूतन सिंह को वोट दिया है। इस तरह वे नए सभापति बन गए हैं।
वहीं, बिलासपुर में विनोद सोनी और चिरमिरी में संतोष कुमार सिंह निर्विरोध सभापति चुने गए हैं। दोनों जगह कांग्रेस ने अपना प्रत्याशी भी नहीं उतारा। बता दें कि निगम चुनाव 11 फरवरी को हुए और मेयर के नतीजे 15 फरवरी को आए थे।

कोरबा में बीजेपी ने पार्टी पर्यवेक्षक पुरेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में पार्षदों को मनाने का प्रयास किया।
इस तरह सभापति चुनाव के लिए वोटिंग में बदला खेल
कोरबा निगम में 67 पार्षदों में से बीजेपी के 45, कांग्रेस के 11 और निर्दलीय 11 पार्षद ने सभापति के लिए मतदान किया।
चुनाव में पार्षद नूतन सिंह ठाकुर जो सभापति चुनाव के लिए बीजेपी के ही बागी बने उन्हें 33 वोट मिल गए।
वहीं बीजेपी के आधिकारिक उम्मीदवार हितानंद अग्रवाल को महज 18 वोट मिले।
सभापति के लिए एक निर्दलीय प्रत्याशी अब्दुल रहमान भी मैदान में थे, उन्हें 16 वोट मिले।
बंद कमरे में हुई थी चर्चा
चुनाव से पहले बीजेपी ने पार्टी पर्यवेक्षक पुरेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में पार्षदों को मनाने का प्रयास किया। बंद कमरे में लंबी बैठकें हुईं। संगठन ने हितानंद अग्रवाल के नाम पर सहमति जताई, लेकिन नूतन सिंह ठाकुर ने बागी तेवर अपनाते हुए चुनाव लड़ा।

नवनिर्वाचित सभापति नूतन ठाकुर।
कोरबा निगम के सभापति नूतन सिंह के बारे में जानिए
उम्र- 46 साल
शिक्षा- MA, LLB
राजनीतिक और सामाजिक जीवन
- कॉलेज समय से छात्र राजनीति में प्रवेश
- पूर्व जिला संयोजक हिन्दू जागरण मंच
- 3 बार से जिला अधिवक्ता संघ कोरबा के सचिव
- कोरबा पालक संघ के अध्यक्ष
- जिला ओलंपिक संघ कोरबा के उपाध्यक्ष
- वर्तमान में पुरानी बस्ती वार्ड-6 से बीजेपी के पार्षद हैं।
सभी मिलजुलकर काम करेंगे- लखन लाल देवांगन
नवनिर्वाचित सभापति नूतन ठाकुर ने कहा कि, उन्होंने भाजपा से टिकट मांगा था और सभापति बनने की इच्छा थी। इसमें वे सफल रहे। श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि, सभी पार्षद एकजुट होकर नूतन सिंह ठाकुर को जिताया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी मिलजुलकर काम करेंगे।
- बिलासपुर- सभापति चुनाव
बिलासपुर नगर निगम में बीजेपी के विनोद सोनी निर्विरोध सभापति चुन लिए गए हैं। अल्प बहुमत के कारण कांग्रेस अपना प्रत्याशी नहीं उतार पाई। बिलासपुर के 70 वार्डों में 49 पर बीजेपी, कांग्रेस 18 और 3 निर्दलीय पार्षद हैं। बीजेपी के पास पहले से ही बहुमत थी।

बिलासपुर नगर निगम के सभापति बने विनोद सोनी।
- चिरमिरी- सभापति चुनाव
चिरमिरी नगर निगम में संतोष कुमार सिंह को निर्विरोध सभापति चुना गया है। संतोष कुमार सिंह पांचवीं बार पार्षद बने हैं। उनके निर्विरोध निर्वाचन पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और नगर निगम के महापौर रामनरेश राय ने बधाई दी है। कलेक्टर डी राहुल वेंकट की अध्यक्षता में नगर निगम सभागार में चुनाव प्रक्रिया पूरी हुई।

संतोष कुमार सिंह को निर्विरोध सभापति चुना गया है।