महिला का चेहरा पत्थर से कुचला, झाड़ियों में फेंका: निर्वस्त्र हालत में मिला शव; कुत्तों ने नोंच डाला, दुष्कर्म की आशंका

ग्वालियर// ग्वालियर में महिला की पत्थरों से कुचलकर हत्या की दी गई। उसका शव रविवार को निर्वस्त्र हालत में झाड़ियों में मिला है। स्थानीय लोगों की जब नजर पड़ी तो शव को कुत्ते नोंच रहे थे। आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए चेहरे को पत्थरों से कुचल दिया था। वहां से दो आधार कार्ड मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि दुष्कर्म के बाद हत्या की गई है।

मामला माधौगंज आंग्रे साहब का बाड़ा के पास का है। यहां धानमिल के पीछे नाले में महिला का निर्वस्त्र शव पड़ा था। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के साथ फोरेंसिक एक्सपर्ट भी मौके पर पहुंची। जांच के दौरान घटनास्थल पर पुलिस को महिला के कपड़े मिले। साथ ही एक लेडीज हैंड पर्स मिला। महिला गहने पहने हुए थी। उसका चेहरा और सिर पत्थर से बुरी तरह कुचला हुआ था।

आधार कार्ड की मदद से पहचान
महिला के पर्स में दो आधार कार्ड मिले। इनमें एक आधार किसी पुरुष, जबकि दूसरा माया निवासी तारागंज जनकगंज के नाम का है। साथ ही, मुरार की एक महिला के नाम का वोटर कार्ड भी मिला है। इसमें माया की उम्र 35 साल बताई गई है। आधार कार्ड से जांच के बाद शाम को महिला की पहचान माया निवासी जनकगंज के रूप में हुई। वह घर-घर जाकर काम करती थी।

दुष्कर्म की घटना से भी नहीं इनकार
पुलिस का कहना है कि जिस स्थिति में शव मिला है, उससे दुष्कर्म की घटना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। दो टीमों को आने-जाने वाले रास्तों पर लगे CCTV चेक करने के लिए लगाया गया है। माधौगंज थाना प्रभारी महेश शर्मा का कहना है कि महिला की हत्या पत्थर से कुचलकर की गई है। आधार कार्ड की मदद से पहचान की गई है। मामले की जांच की जा रही है।