धरना दे रहे रेसलर्स ने जंतर-मंतर को बनाया अखाड़ा: वर्कआउट किया, दौड़ लगाई; SG बोले- अध्यक्ष पर FIR से पहले प्रारंभिक जांच जरूरी…

पानीपत\नई दिल्ली// भारतीय कुश्ती संघ (WFI) के अध्यक्ष और BJP सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ दिल्ली के जंतर-मंतर पर पहलवानों का धरना चौथे दिन बुधवार को भी जारी है। देश के सॉलिसिटर जनरल (SG) तुषार मेहता ने कहा कि WFI अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ FIR दर्ज करने से पहले प्रारंभिक जांच करनी बहुत जरूरी है।

दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे पहलवानों ने बुधवार सुबह वर्कआउट से दिन की शुरुआत की। - Dainik Bhaskar

दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे पहलवानों ने बुधवार सुबह वर्कआउट से दिन की शुरुआत की।

वहीं चौथे दिन की शुरुआत पहलवानों ने जंतर-मंतर की सड़कों पर दौड़ लगाने से की। वह मॉर्निंग वॉक कॉस्टयूम पहनकर उतरे। इस दौरान वहां उन्होंने वर्कआउट किया और अस्थाई अखाड़ा मानकर ट्रेनिंग भी की। करीब 1 घंटे तक पहलवानों ने वहां पसीना बहाया।

ओलंपियन पहलवान बजरंग पूनिया ने कहा- हम शांतिपूर्ण तरीके से विरोध कर रहे हैं और यहां ट्रेनिंग भी कर रहे हैं। देश की जनता ने हमें देश के लिए पदक जीतने की जिम्मेदारी दी है और हमें इसे निभाना है। पुलिस ने अभी तक FIR दर्ज नहीं की है, तो पुलिस हमें विरोध करने या प्रशिक्षण देने से कैसे रोक सकती है?।

प्रियंका गांधी की अपील- आइए इन बहनों का दें साथ, ये देश की मान की बात है
कांग्रेसी नेता प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर लिखा- खिलाड़ी देश का मान होते हैं। देश उन पर गर्व क्यों करता है? क्योंकि तमाम मुश्किलों के बावजूद अथक मेहनत और बहुत कुछ सहकर जब वे पदक जीतते हैं, तो उनकी जीत में हमारी जीत होती है, देश मुस्कुरा उठता है। महिला खिलाड़ियों की जीत बाकियों से बड़ी होती है।

वे देश की संसद के बगल की सड़क पर आँखों में आँसू लिए बैठी हैं। लंबे समय से चल रहे शोषण के खिलाफ उनकी शिकायत कोई सुन नहीं रहा। मजबूत बाजुओं, मगर भोले दिल की इन लड़कियों ने यकीन किया जब इनसे सरकार ने कहा कि जाँच होगी। मगर जाँच नहीं हुई।

सजा का प्रश्न ही नहीं उठा। क्या सरकार दोषियों को बचाना चाहती है। किसका दबाव है दिल्ली पुलिस पर? क्यों इसी पुलिस द्वारा विपक्ष के नेताओं पर भारत जोड़ो यात्रा में किसी लड़की का दर्द सुनने पर पूछताछ की जाती है।

मगर देश का मान बढ़ाने वाली खिलाड़ियों की गुहार अनसुनी कर दी जाती है। एक पार्टी और उसके नेताओं का घमंड जब आसमान चढ़ जाता है तब ऐसे ही आवाजों को कुचला जाता है। आइये अपनी इन बहनों का साथ दें। यह देश के मान की बात है।

सुप्रीम कोर्ट में 28 अप्रैल को होगी सुनवाई
7 महिला रेसलर्स की याचिका पर सुनवाई करने के लिए सुप्रीम कोर्ट राजी हो गया है। कोर्ट ने कहा- ‘पहलवानों ने याचिका में यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। इन पर विचार किए जाने की जरूरत है।’ अब इस मामले में शुक्रवार यानी 28 अप्रैल को सुनवाई होगी।

CJI डीवाई चंद्रचूड़ ने भारतीय कुश्ती संघ (WFI) के अध्यक्ष और BJP सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ अब तक FIR दर्ज नहीं करने को लेकर दिल्ली पुलिस को भी नोटिस जारी किया है। इसके अलावा, सुप्रीम कोर्ट ने 7 महिला शिकायतकर्ताओं के नाम ज्यूडिशियल रिकॉर्ड से हटाने के लिए कहा, ताकि इनकी पहचान सामने ना आए। 7 महिला रेसलर्स ने सोमवार को भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ FIR दर्ज करने के लिए याचिका दाखिल की थी।