खाना बनाने के लिए बर्तन निकालने रसोई घर में गई महिला की दीवार गिरने से मौत….

रायगढ़// रायगढ़ जिले में कच्ची दीवार गिरने से एक महिला की मौत हो गई। महिला दीवार के मलबे में दबी रही, जिससे उसका दम घुट गया। बताया जा रहा है कि बारिश की वजह से दीवार कमजोर हो गई थी। हादसा सुबह करीब 5 बजे हुआ है। मामला तमनार थाना क्षेत्र के कसडोल का है।

सुबह खाना बनाने गई महिला की मलबे में दबकर हो गई मौत
मिली जानकारी के मुताबिक मरने वाली महिला का नाम गुरुवारी धनवार पति सुखलाल धरवार (42) है। खाना बनाने के लिए बर्तन निकालने रसोई घर में गई थी। रसोई घर की दीवार भर-भराकर गिर गई। पति सुखलाल उसे निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक महिला ने दम तोड़ दिया था।
बारिश से कमजोर हो गया रसोई घर
स्थानीय और परिजनों ने बताया कि रसोई घर बहुत पुराना हो चुका था। इलाके में रुक-रुककर हो रही बारिश से दीवार कमजोर हो चुकी थी। महिला मवेशी चराने का काम करती थी। अपने पति और बेटे के साथ रहती थी।
गांव में पसरा सन्नाटा
मामले में पुलिस को जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची। । प्रारंभिक पूछताछ उसके पति और आसपास के लोगों से की है। फिलहाल मामले में आगे की जांच के लिए पुलिस जुट गई है। गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।