सांप के कांटने से 2 की मौत, महिला की हालत गंभीर…

कोरबा// कोरबा जिले के कटघोरा में सांप के काटने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला की हालत गंभीर है। महिला को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज हास्पिटल कोरबा में भर्ती कराया गया है। वहीं घटना की जानकारी होने पर एक सांप को लोगों ने मार डाला, जबकि स्नेक केचर ने दूसरे सांप को रेस्क्यू कर लिया। घटना कटघोरा के मोहलाइनभाठा का है।

जानकारी के मुताबिक, करैत सांप ने सोमवार सुबह 3.50 बजे फैजल खान को काट लिया। सांप के काटने की जानकारी मिलते ही फैजल को अस्पताल ले जाया जा रहा था, जहां रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद इसी इलाके में रहने वाले रोहित चौबे और उसकी पत्नी को भी सांप ने काटा।

इसी बीच आसपास के लोगों ने स्नैक केचर केशव जायसवाल को घटना की जानकारी दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंच उसने सांप को पकड़ लिया, जबकि उसके आने से पहले लोगों ने एक सांप को मार डाला था।

मृतक रोहित चौबे के भाई राजेश ने बताया कि सुबह 4 बजे के आसपास उसने भाभी की चीख सुनी। कमरे में जाकर देखा तो उनके हाथ और भाई के गले मे सांप के काटने का निशान था। दोनों को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। बाद में भाई की मौत हो गई, जबकि भाभी का इलाज जारी है।

इस घटना के बाद रोहित के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सड़क जाम कर दिया। सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मुश्किल से मामले को नियंत्रण कर लोगों को समझने का प्रयास किया। जिसके बाद सड़क जाम खत्म हुआ।