कांग्रेस नेता और भू-माफिया अकबर खान गिरफ्तार: बिलासपुर पुलिस ने निकाला जुलूस, 15 महीने बाद एक्शन, प्रताड़ना से तंग आकर व्यापारी ने लगाई थी फांसी…

बिलासपुर// बिलासपुर में रविवार को पुलिस ने कांग्रेस नेता और भू-माफिया अकबर खान को गिरफ्तार किया है। आरोपी का जुलूस भी निकाला गया। उस पर चांटीडीह के व्यापारी और कांग्रेसी नेता रज्जब अली को प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है। पुलिस ने करीब 15 महीने बाद कार्रवाई की है। मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस नेता अकबर खान और तैय्यब हुसैन ने अपनी जमीन बेचने के लिए उसे मजबूर कर रहे थे। जिससे परेशान होकर 4 अक्टूबर 2022 को रज्जब अली (56) ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी। कांग्रेस सरकार के दौरान पुलिस ने एक साल बाद भी एफआईआर दर्ज नहीं किया था।

पुलिस ने आरोपी अकबर का निकाला जुलूस।

पुलिस ने आरोपी अकबर का निकाला जुलूस।

पुलिस को मिला था सुसाइड नोट

पुलिस ने शव के पास से सुसाइड नोट भी बरामद किया था। जिसमें व्यवसायी ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से अपने परिवार को सुरक्षा देने का आग्रह किया था। परिवार ने कांग्रेस के पूर्व महामंत्री अकबर खान और पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष तैय्यब हुसैन पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था।

जमीन के लिए बना रहे थे दवाब

रपटा चौक स्थित उनकी दुकान से लगी जमीन पर दोनों कब्जा करने में लगे हुए थे। रज्जब अली पर जमीन बेचने के लिए दबाव बना रहे थे। क्योंकि उनकी जमीन भी उसी से लगी हुई थी। इसके अलावा, दुकान की जमीन को भी अवैध कब्जे की बताकर खाली करने के लिए दबाव बना रहे थे।

पुलिस ने नहीं की कोई कार्रवाई

इस मामले की जांच सरकंडा पुलिस कर रही थी, लेकिन अकबर और तैय्यब के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। मामला तूल पकड़ा, तो जांच थाने से लेकर एएसपी सिटी को दी गई थी। इसके बावजूद मामले में न तो जांच पूरी हुई न ही केस दर्ज हुआ।

जनवरी में दर्ज हुआ एफआईआर

छत्तीसगढ़ में 3 दिसंबर 2023 को बीजेपी सरकार बनी, तो बिलासपुर नगर विधायक अमर अग्रवाल ने 15 दिन में अपराधियों के खात्मे का बयान दिया। इसके बाद 24 जनवरी को अकबर खान और तैय्यब के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का केस दर्ज किया गया, तो दोनों कहीं भाग गए।

आज सुबह घर आया, तो हुई गिरफ्तारी

14 अप्रैल 2024 की सुबह सरकंडा पुलिस को सूचना मिली कि अकबर अपने परिवार से मिलने देवनंदन नगर स्थित घर आया है। जिस पर सरकंडा थाना प्रभारी, प्रशिक्षण डीएसपी रोशन आहूजा और उनकी टीम ने घर में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। अकबर पर सकती थाने में भी अपराध दर्ज है। वहीं, तैय्यब अब भी पकड़ से दूर है।