सोनिया गांधी राजस्थान से राज्यसभा के लिए नामांकन भरेंगी: राहुल भारत जोड़ो न्याय यात्रा छोड़कर दिल्ली पहुंचे; नामांकन भरने साथ जाएंगे…

नई दिल्ली।।

सोनिया गांधी ने 2019 लोकसभा चुनाव रायबरेली सीट से लड़ा था। जहां उन्हें जीत हासिल हुई थी। - Dainik Bhaskar

सोनिया गांधी ने 2019 लोकसभा चुनाव रायबरेली सीट से लड़ा था। जहां उन्हें जीत हासिल हुई थी।

सोनिया गांधी इस बार लोकसभा का चुनाव नहीं लड़ेंगी। न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक पार्टी सूत्रों ने बताया है कि सोनिया गांधी राजस्थान से राज्यसभा के लिए नामांकन भरेंगी।

इस दौरान उनके साथ पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी के अलावा प्रियंका गांधी भी मौजूद रहेंगी। राहुल मंगलवार शाम को ही छत्तीसगढ़ से दिल्ली पहुंच गए हैं।

यह कहा जा रहा है कि सोनिया गांधी को मनमोहन सिंह की सीट से राज्यसभा के लिए भेजा जाना तय हुआ है। पूर्व PM का कार्यकाल 3 अप्रैल 2024 को खत्म हो रहा है।

यह पहला मौका है जब सोनिया गांधी राज्यसभा जाएंगी। वे 5 बार की लोकसभा सांसद हैं। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी भी (1964-1967 तक) राज्यसभा की सांसद रह चुकी हैं।

कांग्रेस ने विधायकों को जयपुर बुलाया;10-10 समर्थक MLA के नामांकन सेट बनाए
उधर, राजस्थान से सोनिया गांधी के प्रत्याशी बनाए जाने की औपचारिक घोषणा का इंतजार है। राजस्थान में बुधवार को राज्यसभा के नामांकन की तैयारियां की जा रही हैं। कांग्रेस ने अपने सभी विधायकों को जयपुर पहुंचने कहा है। दो दिन सभी विधायकों को जयपुर में रहने कहा गया है।

कई विधायक जयपुर पहुंच गए हैं, कुछ सुबह तक पहुंच रहे हैं। नामांकन फॉर्म भरकर सेट तैयार कर लिए गए हैं। नामांकन फॉर्म के साथ 10-10 विधायकों के प्रस्तावक और समर्थक के तौर पर हस्ताक्षर करवाए गए हैं। 

राहुल न्याय यात्रा रोककर अचानक दिल्ली पहुंचे

चर्चाओं के बीच देर शाम राहुल गांधी भी अचानक चार्टर प्लेन से दिल्ली निकल गए, उनके साथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी मौजूद थे। दोनों भारत जोड़ो न्याय यात्रा के लिए छत्तीसगढ़ के अम्बिकापुर में थे। हालांकि कुछ रिपोर्ट्स में यह भी बताया गया कि राहुल किसान आंदोलन के बीच दिल्ली जा रहे हैं। वे किसान नेताओं से भी मुलाकात कर सकते हैं।

सोनिया की सीट रायबरेली से प्रियंका लड़ सकती हैं
सूत्रों के मुताबिक, 2024 लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की रायबरेली लोकसभा सीट से कांग्रेस इस बार प्रियंका गांधी को उतारा जा सकता है। सोनिया गांधी इस सीट से 2004 से लगातार सांसद हैं। रायबरेली की सीट कांग्रेस की सबसे सुरक्षित सीट मानी जाती है। 1952 के पहले लोकसभा चुनाव के बाद से कांग्रेस यहां सिर्फ तीन बार हारी है।

27 फरवरी को राज्यसभा की 56 सीटों पर चुनाव होंगे
राज्यसभा की 56 सीटों पर 27 फरवरी को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक वोटिंग होगी। चुनाव आयोग इसके लिए 8 फरवरी को नोटिफिकेशन जारी कर चुका है। 15 फरवरी को नॉमिनेशन की आखिरी तारीख है। 27 फरवरी को ही रिजल्ट घोषित कर दिए जाएंगे।

2024 में राज्यसभा से 68 सांसद रिटायर होंगे
2024 में राज्यसभा से 68 सांसद रिटायर होने वाले हैं। इसमें 9 केंद्रीय मंत्री हैं। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव, स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मडाविया और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह सहित 56 नेता अप्रैल में अपना कार्यकाल पूरा करेंगे।