ED ने झारखंड सीएम हेमंत सोरेन को किया गिरफ्तार: सूत्रों के हवाले से खबर; चंपई सोरेन बन सकते हैं सीएम, विधायक गए राजभवन…

- झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से ईडी की पूछताछ जारी
- हेमंत सोरेन कल अचानक से अंडरग्राउंड हो गए थे, जिसके बाद उनकी तलाशी शुरू हो गई थी।
- कभी भी गिरफ्तार हो सकते हैं हेमंत सोरेन, थोड़ी देर में राज्यपाल से मिलेंगे JMM विधायक

रांची// जमीन घोटाले में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को ED ने गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं है। महागठबंधन के विधायक राज्यपाल से मिलने पहुंच गए हैं। विधायक राजभवन में परेड करेंगे।
बताया जा रहा है कि विधायक सीएम सोरेन का इस्तीफा राज्यपाल को देकर नए मुख्यमंत्री के लिए चंपई सोरेन का नाम बढ़ा सकते हैं।
7 अधिकारियों की टीम दोपहर 1:15 बजे सीएम हाउस में है। इससे पहले 20 जनवरी को ED ने साढ़े सात घंटे पूछताछ की थी। सीएम आवास डीजीपी और मुख्य सचिव पहुंचे हैं। बताया जाता है कि सीएम हेमंत सोरेन को ED गिरफ्तार कर सकती है। सीएम की कारकेड की गाड़ियां भी बाहर निकली हैं, लेकिन मुख्यमंत्री नहीं थे।
पूछताछ को लेकर रांची में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए है। साथ ही ED ऑफिस, राजभवन और CM आवास के आसपास धारा 144 अनिश्चितकाल के लिए बढ़ा दी गई है। झारखंड मुक्ति मोर्चा के समर्थक प्रदर्शन कर रहे हैं।
कथित भूमि घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के तहत प्रवर्तन निदेशालय (ED) रांची में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से पूछताछ कर रही है। इस पूछताछ के मद्देनजर मुख्यमंत्री आवास और राजभवन की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वहीं पूरे शहर में 2000 जवानों की तैनाती की गई है।
Hemant Soren ED Live : वहीं इससे पहले मंगलवार को इस केस में तब नाटकीय मोड़ देखने को मिला जब हेमंत सोरेन अचानक से अंडरग्राउंड हो गए। इसके बाद फिर उनकी तलाशी शुरू हो गई। लेकिन शाम होते होते उन्हें रांची में अपने विधायकों के साथ बैठक करते देखा गया। भाजपा के एक नेता ने तो गुमशुदा का पोस्टर तक लगा दिया।