KORBA:: पढ़ाई की टेंशन….छात्र ने दी जान: इंजीनियर बनना चाहता था, परिजनों ने कई बार समझाया पर नहीं माना; ट्रेन से कटकर की खुदकुशी…

घरवालों ने बताया कि अमन बचपन से ही पढ़ाई में अच्छा था, पर पता नहीं अचानक ऐसा क्या हो गया जो उसने इतनी ज्यादा टेंशन लेनी शुरू कर दी थी।

कोरबा: कोरबा में एक छात्र ने पढ़ाई की टेंशन के चलते सुसाइड कर लिया है। वो इंजीनियर बनना चाहता था। इसके लिए JEE की तैयारी कर रहा था। मगर कुछ महीनों से वह काफी चिंतित रहने लग गया था। इस वजह से उसके परिजनों ने भी खूब समझाया था। फिर भी वह परेशान ही रहता था। आखिरकार ट्रेन से कटकर उसने जान दे दी है। मामला कुसमुंडा थाना क्षेत्र का है।

रामसागर पारा निवासी अमन भार्गव(19) ने पिछले साल ही 12वीं पास किया था। इसके बाद से वह ड्रॉप लेकर परीक्षा की तैयारी में जुटा था। लेकिन कुछ महीनों से वह परीक्षा और पढ़ाई को लेकर बहुत तनाव ले रहा था। उसके परिजन बार बार उसे समझाते थे, पर वह हमेशा गुमसुम रहता था।

इस तरह से पटरी किनारे पड़ा मिला शव।

इस तरह से पटरी किनारे पड़ा मिला शव।

घर से निकला तो लौटा ही नहीं

इस बीच रविवार सुबह अमन घर से निकला था। फिर उसका देर शाम तक कुछ पता नहीं चला। वहीं पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक का शव कुसमुंडा खदान के अंदर साइलो वन रेल पटरी पर पड़ा है। जिसके बाद पुलिस ने युवक की पहचान अमन के रूप में की थी।

पढ़ाई-लिखाई में अच्छा था

इसके बाद उसके परिजनों को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। शव देखकर वे फूट-फूटकर रोने लगे। वहीं शव को पीएम के लिए भेजा गया था। अगले दिन सोमवार को शव का पोस्टमार्टम किया गया है। जिसके बाद पूरे घटनाक्रम और अमन के बारे में परिजनों ने जानकारी दी है। फिलहाल पुलिस इस मामले में जांच कर रही है। परिजनों ने यह भी बताया कि अमन बचपन से ही पढ़ाई लिखाई में अच्छा था, पर पता नहीं क्या हो गया जो अचानक से उसने इतनी चिंता करनी शुरू कर दी थी।