मंत्रियों के शपथ ग्रहण के लिए बनाया गया मंच: रायपुर के इनडोर स्टेडियम में तैयारी, पोस्टर-बैनर लगाए गए; लेकिन विधायकों को जानकारी नहीं…

रायपुर// छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्रिमंडल का जल्द ही विस्तार हो सकता है। इसे लेकर रायपुर के इनडोर स्टेडियम में तैयारी शुरू कर दी गई है। स्टेडियम में विशाल मंच तैयार किया गया है। साथ ही शपथ ग्रहण के पोस्टर-बैनर भी लगाए गए हैं। कार्यक्रम में प्रदेश भर से VVIP बुलाए जाएंगे।
सीएम विष्णुदेव सोमवार को ही दिल्ली से लौटे हैं। उन्होंने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी ओम माथुर और सह चुनाव प्रभारी मनसुख मांडविया से मुलाकात की। माना जा रहा है की इस दौरान मंत्रिमंडल को लेकर भी पार्टी के शीर्ष नेताओं से चर्चा हुई।

रायपुर इनडोर स्टेडियम में शपथ ग्रहण की तैयारियां की जा रही हैं। यहां पर स्टेज बनाया गया है।
हाईकमान तय करके भेजेगा नाम
बताया जा रहा है कि दिल्ली में सोमवार शाम भाजपा के शीर्ष नेताओं की एक और बैठक हो सकती है। इसमें छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के मंत्रियों के नाम पार्टी हाईकमान तय करेगा। इसके बाद इन नाम को प्रदेश नेतृत्व को भेज दिया जाएगा। इसके बाद नए मंत्री शपथ लेंगे।
अधिकारियों को मिले तैयारी के निर्देश
मंत्रिमंडल शपथ ग्रहण कार्यक्रम को लेकर अधिकारियों को तैयारी के निर्देश मिले हैं। सोमवार शाम इनडोर स्टेडियम में तैयारी की खबर सामने आने के बाद कयास लगाए जाने लगे कि मंगलवार को शपथ ग्रहण का कार्यक्रम हो सकता है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सत्र के बाद हो सकता है शपथ ग्रहण
19 दिसंबर से 21 दिसंबर तक छत्तीसगढ़ विधानसभा का शीत-कालीन सत्र आयोजित किया जा रहा है। जानकारों की माने तो सत्र के बाद मंत्रियों का शपथ ग्रहण कार्यक्रम हो सकता है। अब तक विधायकों को भी भाजपा की ओर से आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। पार्टी आलाकमान से स्थानीय नेता संपर्क साधे हुए हैं।