
- 5 किलोवाट का सोलर संयंत्र लगवाने पर मिली 1 लाख 8 हजार रुपये की सब्सिडी, पिछले दो माह से शून्य आ रहा बिजली बिल
दंतेवाड़ा, (CITY HOT NEWS)//
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी योजना ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ आम नागरिकों को सौर ऊर्जा अपनाने और बिजली खर्च से राहत पाने का अवसर प्रदान कर रही है। योजना के माध्यम से जिले के लोग अपने घरों की छतों पर सोलर संयंत्र स्थापित कर बिजली के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन रहे हैं। इसका लाभ उठाकर चितालंका निवासी मनोज कुमार ने भी अपने घर में सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित कराया है, जिससे उन्हें बिजली बिल में काफी राहत मिल रही है।
मनोज कुमार ने बताया कि लगभग पांच माह पूर्व उन्होंने अपने घर में 5 किलोवाट क्षमता का सोलर ऊर्जा संयंत्र स्थापित कराया। इस संयंत्र को लगाने में कुल 3 लाख 10 हजार रुपये की लागत आई। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत उन्हें केंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से कुल 1 लाख 8 हजार रुपये की अनुदान राशि प्राप्त हुई। इसमें केंद्र सरकार द्वारा 78 हजार रुपये तथा राज्य सरकार द्वारा 30 हजार रुपये की सब्सिडी सीधे उनके बैंक खाते में अंतरित की गई। उन्होंने बताया कि सोलर संयंत्र स्थापित होने के बाद से उनके परिवार को बिजली खर्च में काफी राहत मिली है। पिछले दो माह से उनका बिजली बिल शून्य आ रहा है। इससे हर महीने होने वाले बिजली खर्च की बचत हो रही है और घरेलू बजट पर भी आर्थिक बोझ कम हुआ है।
मनोज कुमार ने कहा कि सरकार की इस योजना से आम परिवारों को सौर ऊर्जा अपनाने का अच्छा अवसर मिल रहा है। एक ओर बिजली खर्च में बचत हो रही है, वहीं दूसरी ओर पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दिया जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अन्य नागरिकों से भी योजना की जानकारी लेकर इसका लाभ उठाने की अपील की। पीएम सूर्य घर योजना के माध्यम से जिले में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ ही आम नागरिकों को बिजली खर्च में राहत और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।

