खैरागढ़ : विष्णु भैया की सरकार में धान बेचना हुआ आसान, कटंगी कला के भीखम पटेल ने बेचा 44 क्विंटल 80 किलो धान*

  • ‘तुहर टोकन’ ऐप से घर बैठे टोकन लेने की सुविधा, उपार्जन केंद्र की व्यवस्था से किसान संतुष्ट
  • प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचने पर भी पात्र किसानों को मिलेगी पूरी आदान सहायता

खैरागढ़, (CITY HOT NEWS)///

धान की बोरियां केंद्र तक पहुंचाने से पहले ही ग्राम कटंगी कला के किसान श्री भीखम पटेल को मालूम था कि उनकी उपज किस दिन खरीदी जाएगी। टोकन आसानी से मिला तो उन्होंने उसी तारीख के हिसाब से ढुलाई का इंतजाम किया और उपार्जन केंद्र पहुंचकर 44 क्विंटल 80 किलो धान बेचा। श्री चमरा राम पटेल के पुत्र श्री भीखम पटेल ने बताया कि विष्णु भैया की सरकार में उन्हें टोकन लेने से लेकर केंद्र पर धान बेचने तक सहूलियत मिली।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य शासन ने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में ‘तुहर टोकन’ ऐप के माध्यम से किसानों को घर बैठे ऑनलाइन टोकन लेने की सुविधा दी है। इससे केवल टोकन लेने के लिए उपार्जन केंद्र तक आने-जाने में लगने वाला समय बचता है। बिक्री की तारीख पहले से पता होने पर किसान धान की भराई और ढुलाई के लिए वाहन की व्यवस्था समय पर कर पाते हैं।
खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के 72 उपार्जन केंद्रों में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू हुई है। जिला प्रशासन ने केंद्रों पर पेयजल, छाया, बैठने की जगह और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया है। टोकन के अनुसार खरीदी की व्यवस्था है, ताकि किसान निर्धारित दिन अपनी उपज लेकर पहुंचें और सुविधापूर्वक धान बेच सकें।
श्री भीखम पटेल ने उपार्जन केंद्र की व्यवस्था पर खुशी जताई। उन्होंने बताया कि उनके लिए सबसे बड़ी सहूलियत यह रही कि जिस दिन के लिए उन्होंने धान तैयार कर ढुलाई का इंतजाम किया था, उसी दिन बिक्री भी पूरी हो गई।
श्री पटेल ने कृषक उन्नति योजना के तहत प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी पूरी आदान सहायता देने के निर्णय की सराहना की। उनके अनुसार, हर किसान के पास बिक्री के लिए प्रति एकड़ एक जैसी मात्रा में धान उपलब्ध नहीं होता। ऐसे में यह प्रावधान खास तौर पर उन छोटे किसान परिवारों के लिए राहत भरा है, जिनके पास बेचने के लिए प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान होता है।
श्री भीखम पटेल ने कहा कि विष्णु भैया की सरकार में धान बेचने के लिए टोकन आसानी से मिल रहा है और उपार्जन केंद्र पर किसानों की सुविधा का भी ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने धान खरीदी की व्यवस्था और कम धान बेचने वाले पात्र किसानों के लिए पूरी आदान सहायता के प्रावधान पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

Chhattisgarh