- कलेक्टर का मैदानी दौरा: कहीं किसानों की सामूहिक खेती देखी तो कहीं छात्रावास की बदहाल व्यवस्था पर जताई नाराजगी
- 18 एकड़ में सामूहिक खेती से लेकर आम-अमरूद की बागवानी तक, कलेक्टर ने देखी ग्रामीण विकास की तस्वीर
एमसीबी/(CITY HOT NEWS)///
ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति जानने और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का जायजा लेने के उद्देश्य से कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े ने आज मनेंद्रगढ़ विकासखंड की विभिन्न ग्राम पंचायतों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन पंचायत भवनों, आदिवासी बालक क्रीड़ा परिसर, छात्रावास, आंगनबाड़ी केंद्र, कृषि एवं उद्यानिकी गतिविधियों का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान जहां उन्होंने अच्छी पहल और सामूहिक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए गतिविधियों की जानकारी ली, वहीं व्यवस्थाओं में कमियां मिलने पर अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश भी दिए।
लालपुर में क्रीड़ा परिसर का निरीक्षण, विद्यार्थियों से किया सीधा संवाद
कलेक्टर ने ग्राम पंचायत लालपुर स्थित आदिवासी बालक क्रीड़ा परिसर एवं खेल मैदान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां उपस्थित विद्यार्थियों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं, उपलब्ध सुविधाओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने छात्रों से परिसर मंल रहने की व्यवस्था, खेल गतिविधियों एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के संबंध में चर्चा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इसके पश्चात ग्राम पंचायत डंगौरा में स्थापित आम की नर्सरी का निरीक्षण किया। उन्होंने नर्सरी में संचालित गतिविधियों एवं पौधों की स्थिति की जानकारी ली। वहीं ग्राम पंचायत कठौतिया में स्वामित्व योजना के अंतर्गत हितग्राही उर्मिला पिता मदन एवं वदंती पिता मंगल को आबादी पट्टा प्रदान किए जाने की प्रक्रिया का निरीक्षण किया तथा संबंधित जानकारी प्राप्त की।
विश्रामपुर में 18 एकड़ में सामूहिक खेती, किसानों से जानी आय की जानकारी
ग्राम पंचायत शिवगढ़ के आश्रित ग्राम विश्रामपुर में कलेक्टर ने सामूहिक खेती की पहल का निरीक्षण किया। यहां हितग्राही गजराज सिंह, रामशरण, रूप नारायण, हीरा सिंह, मनबहीर एवं दिलराज सिंह द्वारा लगभग 18 एकड़ भूमि में मिलकर खेती की जा रही है। इस भूमि पर आलू, मटर, मूली, सरसों एवं पाम ऑयल की खेती की जा रही है। कलेक्टर ने खेतों का अवलोकन कर फसलों की स्थिति और कृषि गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने हितग्राहियों से सामूहिक खेती के अनुभव, उत्पादन एवं इससे होने वाली आय के संबंध में भी चर्चा की।
इसके साथ ही ग्राम पंचायत मनवारी में नवीन ग्राम पंचायत भवन एवं आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों की उपस्थिति की जानकारी ली तथा केंद्र में उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बच्चों को मिलने वाली सुविधाओं एवं केंद्र के संचालन के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।
केल्हारी छात्रावास की अव्यवस्थाओं पर नाराजगी, दो दिनों में सुधार के निर्देश
ग्राम पंचायत केल्हारी में कलेक्टर ने निर्माणाधीन नवीन ग्राम पंचायत भवन, खेल मैदान एवं आदिवासी बालक छात्रावास का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत भवन और खेल मैदान में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। वहीं आदिवासी बालक छात्रावास के वॉशरूम में साफ-सफाई की उचित व्यवस्था नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि छात्रावास में पानी, बिजली एवं जर्जर व्यवस्थाओं को दो दिनों के भीतर दुरुस्त किया जाए। उन्होंने छात्रावास में स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि वहां निवासरत विद्यार्थियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधाजनक वातावरण मिल सके।
भालूडांड में आम्रपाली आम और अमरूद की बागवानी का लिया जायजा
निरीक्षण के अंतिम क्रम में ग्राम पंचायत केवटी के आश्रित ग्राम भालूडांड में कलेक्टर ने हितग्राही श्रीमती रजनी एक्का, पति शीतल एक्का द्वारा लगाए गए आम्रपाली आम एवं अमरूद की एल-49 किस्म के बगीचे का निरीक्षण किया। उन्होंने बगीचे में लगाए गए पौधों एवं उद्यानिकी गतिविधियों की स्थिति देखी। साथ ही हितग्राही से बागवानी के माध्यम से प्राप्त होने वाली वार्षिक आय की जानकारी ली। कलेक्टर ने उद्यानिकी गतिविधियों के जरिए ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने की संभावनाओं के संबंध में भी चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्राम पंचायतों में संचालित विकास एवं निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करें। शासकीय संस्थानों में स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करें तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें।
इस दौरान अपर कलेक्टर श्रीमती नम्रता डोंगरे, लिंगराज सिदार, एसडीएम शशि शेखर मिश्रा, श्रीमती इंदिरा मिश्रा, जनपद पंचायत सीईओ सुश्री वैशाली सिंह सहित तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक (आरआई), पटवारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

