भारत मंडपम में महक रहे कोरबा के सुगंधित चावल, स्थानीय उत्पादों को मिल रहा देशभर के ग्राहकों का प्यार

भारत मंडपम में महक रहे कोरबा के सुगंधित चावल, स्थानीय उत्पादों को मिल रहा देशभर के ग्राहकों का प्यार

  • आईआईटीएफ-2026 में कोरबा और दंतेवाड़ा के एफपीओ को मिला राष्ट्रीय बाजार का मंच

कोरबा (CITY HOT NEWS)///


नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर ( आईआईटीएफ -2026) में छत्तीसगढ़ के खेतों की खुशबू देशभर के लोगों तक पहुंच रही है। प्रधानमंत्री कृषि धन-धान्य योजना के अंतर्गत कोरबा और दंतेवाड़ा के कृषक उत्पादक संगठनों (एफपीओ) को अपने स्थानीय एवं जैविक कृषि उत्पादों के प्रदर्शन और विपणन के लिए स्टॉल उपलब्ध कराए गए हैं। 13 से 27 नवंबर तक चल रहे इस मेले में छत्तीसगढ़ के उत्पाद आगंतुकों का ध्यान खींच रहे हैं।
कोरबा जिले के महामाया एफपीओ के स्टॉल पर सुगंधित चावल, ब्लैक राइस, काजू, चीनी शक्कर चावल, रामजीरा चावल और अन्य स्थानीय उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। सुगंधित धान से तैयार चावल की विशिष्ट खुशबू, गुणवत्ता और आकर्षक पैकेजिंग से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में आगंतुक उत्पादों के बारे में जानकारी ले रहे हैं। उपभोक्ता चावल की विशेषताओं, उत्पादन प्रक्रिया और जैविक खेती में अपनाई जाने वाली पद्धतियों को जानने में भी रुचि दिखा रहे हैं।
मेले में देशभर के कृषक उत्पादक संगठन अपने क्षेत्र के विशिष्ट उत्पाद लेकर पहुंचे हैं। ईरान, अफगानिस्तान और थाईलैंड सहित विभिन्न देशों के उत्पादों एवं प्रतिनिधियों की मौजूदगी से यह आयोजन अंतरराष्ट्रीय स्वरूप ले रहा है। ऐसे व्यापक मंच पर कोरबा और दंतेवाड़ा के एफपीओ अपने क्षेत्र की कृषि विविधता और स्थानीय उत्पादों की संभावनाओं को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत कर रहे हैं।
भारत सरकार की इस पहल का उद्देश्य स्थानीय और जैविक कृषि उत्पादों की बेहतर पैकेजिंग एवं ब्रांडिंग को प्रोत्साहित करना और किसानों को बड़े बाजार से जोड़ना है। मेले के माध्यम से किसान सीधे उपभोक्ताओं तक अपने उत्पाद पहुंचा पा रहे हैं। इससे उत्पादों की पहचान बढ़ाने, बेहतर मूल्य पाने और किसानों की आय में वृद्धि की संभावनाओं को बल मिल रहा है।
कोरबा की ओर से ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी श्री संजय पटेल, महामाया एफपीओ के संचालक श्री इतवारी प्रसाद बंजारे और जैविक खेती करने वाले प्रगतिशील किसान श्री विजय सिंह कंवर मेले में सहभागिता कर रहे हैं। दंतेवाड़ा जिले से सहायक संचालक कृषि श्री भोला लाल पैंकरा उपस्थित हैं।
आईआईटीएफ -2026 में कोरबा एवं दंतेवाड़ा के कृषि उत्पादों को मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रिया से स्थानीय किसानों और एफपीओ के लिए नए बाजारों तक पहुंच बनाने की उम्मीद मजबूत हुई है। यह मंच छत्तीसगढ़ के सुगंधित चावल और अन्य स्थानीय उत्पादों को व्यापक पहचान दिलाने के साथ किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण अवसर प्रदान कर रहा है।

Chhattisgarh