कोरबा// कोरबा के उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम पहाड़गांव में पुलिस ने जुआ खेलते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी जांजगीर-चांपा जिले के बाराद्वार क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी पिकनिक मनाने की आड़ में कोरबा जिले में जुआ खेल रहे थे।

मौके से करीब 11 हजार रुपए नकद, मोबाइल और ताश के पत्ते जब्त किए गए हैं। पुलिस ने छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 के तहत मामला दर्ज किया है।

उप निरीक्षक की रिपोर्ट पर दर्ज हुआ मामला
थाना उरगा में दर्ज दस्तावेज के अनुसार, ग्राम पहाड़गांव में दोपहर 2:20 बजे यह कार्रवाई की गई। शासन की ओर से उप निरीक्षक नवीन पटेल की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 641/2026 पंजीबद्ध किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में अभिषेक उर्फ गज्जू ठाकुर (46), पिता महावीर; शशिकांत दुबे (56), पिता आरएन दुबे; ज्योतिष वैष्णव (51), पिता बलराम; रविंद्र खाण्डे (26), पिता त्रिभुवन; दीपक कुमार बंसल (26), पिता बबलू मिश्रा और आशुतोष राय (33), पिता राम इकबाल शामिल हैं।
एल्डरमैन और शिक्षक का नाम भी शामिल
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार रविंद्र खाण्डे बाराद्वार नगर पालिका में एल्डरमैन हैं और जिला युवा मोर्चा में पदाधिकारी भी बताए जा रहे हैं। वहीं, आरोपी शशिकांत दुबे पेशे से शिक्षक और प्रिंसिपल बताए जा रहे हैं। जनप्रतिनिधि और शिक्षक के जुआ खेलते पकड़े जाने की खबर के बाद क्षेत्र में चर्चा शुरू हो गई है।

पसान में भी पकड़े गए थे सरपंच और शिक्षक
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले पसान थाना पुलिस ने भी जुआ खेलते हुए एक सरपंच और एक शिक्षक को गिरफ्तार किया था। जिले में जनप्रतिनिधियों और शिक्षकों के जुआ खेलने के मामलों में नाम सामने आने से इस वर्ग की भूमिका को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
फिलहाल उरगा पुलिस ने सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

