आधी कीमत पर छड़ दिलाने का झांसा, दो दुकानदारों से 4 लाख की ठगी; दो आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा// जांजगीर-चांपा में कम कीमत पर छड़ दिलाने का झांसा देकर दो दुकानदारों से करीब 4 लाख रुपए की ठगी के आरोप में नवागढ़ पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने एक महीने के भीतर अवरिद और सिउड़ के कारोबारियों को निशाना बनाया। उनके पास से मोबाइल, बैंक खाते से जुड़े दस्तावेज और फर्जी विजिटिंग कार्ड जब्त किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, सिउड़ के किशन राठौर ने 15 अक्टूबर 2026 को नवागढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि पुरुषोत्तम यादव और राजेश कुमार ने आधी कीमत पर छड़ दिलाने का झांसा देकर फोन-पे से 80 हजार रुपए लिए। रकम लेने के बाद दोनों ने मोबाइल फोन बंद कर लिया।

दूसरे मामले में अवरिद के चंद्रशेखर कश्यप ने शिकायत की कि पुरुषोत्तम यादव ने छड़ दिलाने के नाम पर उनसे 2 लाख 50 हजार रुपए लिए। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने शिवरीनारायण के एक छड़ विक्रेता को फोन कर अवरिद में माल पहुंचाने को कहा। उसने बताया कि माल उतरने के बाद भुगतान किया जाएगा।

इसके बाद आरोपी ने चंद्रशेखर कश्यप से रकम तैयार रखने को कहा। छड़ अवरिद पहुंचने पर आरोपी पैसे लेकर फरार हो गया। शिवरीनारायण के दुकानदार ने भुगतान मांगा, तब ठगी का पता चला।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के निर्देशन में आरोपियों की तलाश की जा रही थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी पुरुषोत्तम यादव के बैंक खाते और मोबाइल नंबर की जांच की। उसके पुराने पते पर पता चला कि वह कई साल से वहां नहीं रह रहा था।

तलाश के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी बिलासपुर जिले के जांजी, थाना सीपत क्षेत्र में रह रहा है। पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया।

पूछताछ में पुरुषोत्तम यादव ने राजेश कुमार के साथ मिलकर ठगी करना स्वीकार किया। पुलिस ने पुरुषोत्तम यादव (37) और राजेश कुमार (38), निवासी सिउड़, को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

Chhattisgarh