गौरेला-पेंड्रा-मरवाही// छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में एक डिप्टी रेंजर को पीटने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, डिप्टी रेंजर सूर्यकांत रात्रे अंधियारखोह परिसर में अवैध लकड़ी कटाई की जांच करने पहुंचे थे, तभी वहां मौजूद शख्स ने जांच का विरोध किया और गाली-गलौज शुरू कर दी।

मना करने पर आरोपी रुद्र प्रसाद मांझी (43) ने रेंजर को थप्पड़ मारा और वर्दी फाड़ दी। इसका वीडियो भी सामने आया है। मारपीट में वन अधिकारी घायल हुए हैं। उनके गर्दन पर चोट आई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है आरोपी ने वन विभाग की जमीन पर कब्जा किया है, इसलिए वह जांच का विरोध कर रहा था।
देखिये यह तस्वीरें…

बचाव के दौरान डिप्टी रेंजर ने भी ग्रामीण को थप्पड़ मारा।

मारपीट का विरोध करते हुए डिप्टी रेंजर ने वीडियो बनाया।

इस दौरान डिप्टी रेंजर की वर्दी के बटन टूट गए।
अवैध कटाई की मिली थी सूचना
जानकारी के अनुसार, घटना 24 अक्टूबर की है। डिप्टी रेंजर सूर्यकांत रात्रे अंधियारखोह परिसर में निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सेमरहा गांव में सेमल प्रजाति के पेड़ों की अवैध कटाई की सूचना मिली। इसके बाद वे वन प्रबंधन समिति के सदस्यों के साथ जांच के लिए मौके पर पहुंचे। वहां जांच के साथ फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की कार्रवाई भी की गई।
हाथ और गर्दन पकड़कर मारपीट की
कार्रवाई पूरी करने के बाद जब डिप्टी रेंजर लौट रहे थे, तभी आरोपी रुद्र प्रसाद मांझी वहां पहुंच गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने कार्रवाई को लेकर विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि उसने सूर्यकांत रात्रे के साथ गाली-गलौज करते हुए जातिसूचक अपशब्द कहे और उनका हाथ व गर्दन पकड़कर मारपीट की। इस दौरान अधिकारी की वर्दी के बटन टूट गए और गर्दन पर खरोंच आई। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
SC-ST एक्ट में दर्ज हुआ केस
घटना के बाद सूर्यकांत रात्रे ने थाना गौरेला में शिकायत दर्ज कराई। उनकी रिपोर्ट पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 121(1), 132 और एससी/एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(1)(द), 3(1)(ध) तथा 3(2)(va) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।
भारतीय न्याय संहिता (BNS):
- धारा 296: सार्वजनिक स्थान पर अश्लील हरकत या अश्लील शब्दों का इस्तेमाल करना।
- धारा 115(2): जानबूझकर किसी को चोट पहुंचाना (स्वेच्छा से चोट पहुंचाने की सजा)।
- धारा 121(1): सरकारी कर्मचारियों को उसके कर्तव्य से रोकने या दबाव डालने के इरादे से चोट पहुंचाना।
- धारा 132: सरकारी कर्मचारियों को ड्यूटी करने से रोकने के लिए हमला या आपराधिक बल का इस्तेमाल करना।

आरोपी मांझी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
SP के निर्देश पर हुई कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए SP मनोज कुमार खिलारी ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और गवाहों के बयान दर्ज कर जरुरी सबूत जुटाए।
पूछताछ के बाद 16 नवंबर को गिरफ्तारी
पुलिस ने आरोपी रुद्र प्रसाद मांझी उर्फ रुदुर मांझी को पूछताछ के बाद 16 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले भी मारपीट और धमकी का मामला दर्ज हो चुका है। अपराध क्रमांक 297/2026 के तहत दर्ज उस मामले में उसके खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई थी।

