रायपुर : धान बेचने के लिए अब नहीं लगानी पड़ रही कतार, ऑनलाइन टोकन से किसान शिवपाल यादव का काम हुआ आसान

धान बेचने के लिए अब नहीं लगानी पड़ रही कतार, ऑनलाइन टोकन से किसान शिवपाल यादव का काम हुआ आसान
  • जनकपुर उपार्जन केंद्र में 42 क्विंटल धान लेकर पहुंचे पतवाही के किसान, खरीदी व्यवस्था से जताया संतोष
  • 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी और बेहतर सुविधाओं के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का जताया आभार

रायपुर (CITY HOT NEWS)//

खेती में महीनों की मेहनत के बाद तैयार फसल को बेचने के लिए अब किसानों को टोकन की चिंता नहीं करनी पड़ रही है। शासन की ऑनलाइन टोकन सुविधा ने धान विक्रय की प्रक्रिया को आसान बना दिया है। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के ग्राम पतवाही निवासी किसान श्री शिवपाल यादव के लिए भी यह व्यवस्था राहत लेकर आई है। उन्होंने घर बैठे ऑनलाइन टोकन प्राप्त किया और निर्धारित तिथि पर अपनी 42 क्विंटल धान की उपज लेकर जनकपुर उपार्जन केंद्र पहुंचे। यहां उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थित खरीदी प्रक्रिया से संतुष्ट शिवपाल यादव ने प्रदेश सरकार की किसान हितैषी पहल की सराहना की।

घर बैठे टोकन मिला तो बचा समय, धान बेचना भी हुआ आसान

किसान शिवपाल यादव ने बताया कि पहले धान बेचने के लिए टोकन प्राप्त करने की प्रक्रिया में समय लगने की चिंता रहती थी, लेकिन इस बार ऑनलाइन व्यवस्था से यह काम घर बैठे ही पूरा हो गया। उन्हें न तो समिति कार्यालय के चक्कर लगाने पड़े और न ही कतार में खड़े होकर इंतजार करना पड़ा। टोकन मिलने के बाद उन्होंने निर्धारित तिथि के अनुसार अपनी उपज उपार्जन केंद्र पहुंचाई। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन सुविधा से किसानों को अपनी फसल बेचने की योजना बनाने में आसानी हो रही है और समय की भी बचत हो रही है।

जनकपुर केंद्र की व्यवस्थाओं ने बढ़ाया किसानों का भरोसा

जनकपुर उपार्जन केंद्र पहुंचने पर शिवपाल यादव को धान विक्रय के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध मिलीं। उन्होंने बताया कि केंद्र में इलेक्ट्रॉनिक कांटे से धान की तौल की व्यवस्था है। पर्याप्त बारदाना उपलब्ध होने से खरीदी प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा नहीं आ रही है। किसानों के बैठने और शौचालय की व्यवस्था भी की गई है। उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं से किसानों को अपनी उपज बेचने में परेशानी नहीं हो रही है और खरीदी का कार्य सुचारू रूप से संचालित हो रहा है।

मेहनत की फसल का बेहतर मूल्य मिलने से किसान उत्साहित

शिवपाल यादव ने कहा कि धान किसानों की मेहनत और आजीविका का प्रमुख आधार है। ऐसे में प्रदेश सरकार द्वारा 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की व्यवस्था किसानों के लिए आर्थिक संबल का माध्यम बन रही है। इससे खेती में किए गए परिश्रम का बेहतर प्रतिफल मिलने के साथ परिवार की जरूरतों और अगली फसल की तैयारियों के लिए आर्थिक सहायता मिलती है। उन्होंने बताया कि उचित मूल्य और सरल खरीदी व्यवस्था से किसानों का खेती के प्रति उत्साह बढ़ा है।

किसान ने कहा-सरकार की व्यवस्था से मिली बड़ी राहत

धान खरीदी के अपने अनुभव पर संतोष व्यक्त करते हुए शिवपाल यादव ने कहा कि ऑनलाइन टोकन मिलने से धान बेचने की प्रक्रिया काफी सुविधाजनक हो गई है। घर बैठे टोकन प्राप्त होने और केंद्र में आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध रहने से किसानों का समय बच रहा है। उन्होंने किसानों के हित में किए जा रहे प्रयासों के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

ग्राम पतवाही के किसान शिवपाल यादव का अनुभव बताता है कि धान खरीदी व्यवस्था में डिजिटल सुविधाओं का विस्तार किसानों के लिए उपयोगी साबित हो रहा है। ऑनलाइन टोकन और उपार्जन केंद्रों में उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं से किसानों को अपनी उपज बेचने में आसानी हो रही है।

Chhattisgarh