कोरबा में 16 नवंबर से खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण

  • सुरक्षित आहार, हमर अधिकार” अभियान के तहत होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और अन्य खाद्य सेवा प्रतिष्ठानों का होगा शत-प्रतिशत निरीक्षण; अस्वच्छता और प्रतिबंधित रंगों के उपयोग पर होगी कार्रवाई

कोरबा (CITY HOT NEWS)///


आम नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कोरबा जिले में 16 से 30 नवंबर तक “सुरक्षित आहार, हमर अधिकार” 15 दिवसीय विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान जिले में संचालित होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट, कैंटीन, कैटरिंग सेवाओं, स्ट्रीट फूड वेंडर्स और अन्य खाद्य सेवा प्रतिष्ठानों का शत-प्रतिशत निरीक्षण किया जाएगा।
अभिहित अधिकारी श्रीमती पुष्पा खाखा ने बताया कि अभियान के तहत खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता और हाईजीन के निर्धारित मानकों की जांच की जाएगी। निरीक्षण के दौरान परिसर, रसोईघर, खाद्य पदार्थों की तैयारी और परोसने के स्थान, बर्तनों, उपकरणों तथा खाद्य भंडारण व्यवस्था का जायजा लिया जाएगा। कच्चे और पके खाद्य पदार्थों को अलग रखने, सुरक्षित तापमान पर भंडारण, स्वच्छ पेयजल, कचरे के उचित निपटान, नालियों की सफाई और कीट नियंत्रण व्यवस्था की भी जांच होगी। खाद्य निर्माण एवं परोसने वाले कर्मचारियों के स्वच्छ वस्त्र, एप्रन और हेड कवर के उपयोग तथा स्वास्थ्य परीक्षण संबंधी अभिलेखों का संधारण भी देखा जाएगा।
अभियान में खाद्य पदार्थों में कृत्रिम, प्रतिबंधित और अनधिकृत रंगों के उपयोग पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। मिठाइयों, ग्रेवी, बिरयानी, करी, चटनी, पेय पदार्थों, चाट, मंचूरियन, फास्ट फूड और अन्य तैयार खाद्य पदार्थों की जांच की जाएगी। जिन खाद्य पदार्थों में रंगों के उपयोग की अनुमति नहीं है, उनमें रंग पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। गैर-खाद्य, औद्योगिक, प्रतिबंधित अथवा अनधिकृत रंग मिलने पर संबंधित खाद्य पदार्थ और रंग का विनष्टीकरण कराया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान गंभीर स्वच्छता संबंधी कमियां या खाद्य सुरक्षा के लिए जोखिमकारी परिस्थितियां मिलने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत सुधार सूचना जारी करने, अनुज्ञप्ति या पंजीयन निलंबित करने और अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। कमियों का निराकरण और स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित होने तक संबंधित प्रतिष्ठान में खाद्य सेवा तथा खाद्य पदार्थों के क्रय-विक्रय पर रोक लगाई जा सकती है। बिना वैध खाद्य अनुज्ञप्ति या पंजीयन के संचालित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई होगी।
अभियान के दौरान खाद्य कारोबारकर्ताओं को स्वच्छता मानकों और सुरक्षित खाद्य निर्माण के प्रति जागरूक किया जाएगा। खाद्य पदार्थों की पैकिंग और परोसने में अखबारी कागज का उपयोग नहीं करने के निर्देश भी दिए जाएंगे। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि अभियान का उद्देश्य निरीक्षण के साथ-साथ खाद्य कारोबारकर्ताओं में जिम्मेदारी बढ़ाना और आम नागरिकों के लिए सुरक्षित भोजन सुनिश्चित करना है।

Chhattisgarh